*TV 20 NEWS || AZAMGARH :मंडलायुक्त की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई आयोजित*

मंडलायुक्त की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई आयोजित

मण्डल के तीनों जनपदों में अपंजीकृत क्लिनिक व अस्पतालों की जांच कर करें सीज, केन्द्रों पर नामित चिकित्सक ही करें अल्ट्रासाउण्ड- मण्डलायुक्त

परिषदीय व माध्यमिक विद्यालयों में करें निरन्तर संवाद, शिक्षकों की उपलब्धता, उपस्थिति, एमडीएम, पेयजल, शौचालय आदि व्यवस्थाओं को करें दुरूस्त- विवेक

पीएम/सीएम आवास आवंटन में अपात्रों से की जाएगी वसूली- आयुक्त

श्रम विभाग की मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना सहित अन्य योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर श्रमिकों को करें लाभान्वित- मण्डलायुक्त

मण्डल के सभी वृद्धाश्रमों का संबंधित जिला समाज कल्याण अधिकारी भ्रमण कर उनकी आवश्यक वस्तुओं को करायें उपलब्ध, कैम्प लगाकर किया जाए स्वास्थ्य परीक्षण- विवेक

उत्तर प्रदेश की वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था में आजमगढ़ मण्डल के प्रगति के क्रम में वार्षिक विकास दर एवं प्रति व्यक्ति वार्षिक आय बढ़ाने पर दिया गया बल

आशाओं द्वारा डिलिवरी हेतु प्राइवेट अस्पताल में ले जाने पर आशा की होगी सेवा समाप्त- मण्डलायुक्त

आजमगढ़ 25 अगस्त, 2026//

मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न विभागों के ग्रेडिंग एवं रैंकिंग के आधार पर मण्डल के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।

बैठक में प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने सख्त निर्देश दिया कि किसी भी दशा में अपात्रों को आवास आवंटन न हो। जांच में जो अपात्र योजना का लाभ लिये हों, उनसे वसूली की जाए। मण्डल के तीनों सीडीओ जब भ्रमण पर जायें तो आवास का सत्यापन जरूर करें। मण्डल के तीनों जनपदों में संबंधित बीएसए द्वारा जर्जर भवनों को चिन्हित कर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान लम्बित आवेदनों पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि संस्थागत प्रसव एडमिट करने के दौरान ही खाता खुलवा लिया जाए तथा डिस्चार्ज होने के पहले धनराशि लाभार्थी के खाते में भेजना सुनिश्चित किया जाए। आशाओं द्वारा डिलिवरी हेतु प्राइवेट अस्पताल मंे ले जाने की शिकायत को मण्डलायुक्त ने गम्भीरता से लेते हुए सभी सीएमओ को निर्देशित किया कि जांच में ऐसी आशा पाये जाने पर उनकी सेवा समाप्त करने की कार्यवाही करें। उन्होने सभी डीआईओएस, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति आवेदन से पूर्व ही सभी तैयारियों पूर्ण करना सुनिश्चित करंे। एकीकृत बागवानी विकास मिशन एवं पर ड्राप मोर क्राप योजना की जनपद आजगढ़ में आवेदन प्रगति बढ़ाने को निर्देश डीडी उद्यान को दिया।

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्युत कन्ट्रोम रूम पर प्राप्त सभी शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थल पर कार्य कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। विशेष शिकायतों को तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। मण्डलायुक्त ने अधीक्षण अभियन्ता व सभी एक्सईएन विद्युत को निर्देश दिया कि कन्ट्रोेम रूम में रखे शिकायत रजिस्टर का समय-समय पर अवलोकन कर की गयी कार्यवाही का सत्यापन करें। सभी शिकायतों का समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करें। विगत दिनों जनपद बलिया में विद्युत तार गिरने से पिता-पुत्र के मृत्यु की घटना पर मण्डलायुक्त ने गम्भीरता से लेते हुए सभी एसई व एक्सईएन को निर्देश दिया कि दोबारा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी आवश्यक बिन्दुओं पर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। छात्र-छात्राओं के सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मण्डलायुक्त ने मण्डल के तीनों जनपदों के संदर्भ मंे विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए पूछा कि कितने परिषदीय विद्यालयों में अभी तक विद्युतीकरण नही हुआ है, विद्यालय के ऊपर से गुजरे तार को तत्काल शिफ्ट किया जाए, यदि ट्रांसफार्मर विद्यालय परिसर में या सटे हुए लगे हैं, तो उन्हें बाहर लगवाया जाए।

मण्डलायुक्त ने मण्डल के सभी सीएमओ को सख्त निर्देश दिया कि अवैध डाक्टर, हास्पिटल, क्लीनिक पर अभियान चलाकर सख्त कार्यवाही करते हुए सीज किया जाए। अल्ट्रासाउण्ड केन्द्रों पर लिंग परीक्षण की प्राप्त शिकायतों के संदर्भ में कड़े शब्दों में निर्देश दिया कि नामित चिकित्सक ही अल्ट्रासाउण्ड करें। अगले माह की बैठक के पूर्व ही सभी सीएमओ अल्ट्रासाउण्ड केन्द्रों पर की गयी कार्यवाही की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। एम्बूलेंस रिस्पान्स टाइम को कम करने का निर्देश दिया।

दिव्यांग, विधवा, वृद्धावस्था पेंशन को संवेदनशीलता से लेते हुए मण्डलायुक्त ने मण्डल के सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि मॉनीरिंग करें और किन्हीं कारणों से छूटे लाभार्थियों की कमियों को दूर कराते हुए आवेदन कराकर पेंशन दिलाना सुनिश्चित करें। ग्राम पंचायतों में ऐसे लाभार्थी छूटे नहीं। बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए मण्डलायुक्त ने मण्डल के सभी जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि सप्ताह में एक बार वृद्धाश्रम का भ्रमण करें और उनकी आवश्यकताओं कपड़ा, चप्पल, दैनिक उपयोग की वस्तुएं आदि को उपलब्ध करायें। सभी सीएमओ माह में एक बार स्वास्थ्य शिविर लगाकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण एवं रूटीन चेकअप कराना सुनिश्चित करें। पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि पिछले 5 साल में हुए पर्यटन विकास कार्याें का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सामाजिक वानिकीकरण के अन्तर्गत सभी डीएफओ वृक्षारोपण कार्यक्रम में लगे सूखे पौधों को रिप्लेस करते हुए पौधारोपण करायें।

प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं से सतत् संवाद, विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता व उनकी उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, शौचालय, पेयजल, भवन इत्यादि बिन्दुओं पर डीआईओएस/बीएसए सहित सभी शिक्षक व बीईओ व्यवस्थाओं को दुरूस्त करना सुनिश्चित करें। उपर्युक्त सभी के द्वारा भ्रमण के दौरान पाई गयी कमियों व की गयी कार्यवाहियों की रिपोर्ट प्रस्तुत किया जाए। निराश्रित गोवंश की समीक्षा में निर्देश दिया कि तीनों मुख्य पशु चिकित्साधिकारी गौशालाओं को सतत विजिट करें, गौशालाओं के किनारे वृक्षारोपण करायें। विशेषकर बाढ़ क्षेत्रों में तत्काल पशुओं को खुरपका, मंुहपका रोग से बचाव हेतु टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें। बलिया के सीवीओ बलिया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रांे में पशुधन की स्थितियों का सतत पर्यवेक्षण करें। शादी अनुदान योजना में 20 हजार रू0 सहायता राशि मिलने के क्रम में तीनों पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि टेक्निकल ग्राउण्ड पर किसी का भी आवेदन अस्वीकृत न किया जाए, जो भी कमी हो उसको ठीक कराया जाए।

आईसीडीएस विभाग की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने मण्डल के तीनों जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि ऐसे आंगनवाड़ी केन्द्र जो न तो परिषदीय विद्यालय में और न ही किराये के भवन में चल रहे हैं, संज्ञान में आया है कि ऐसे केन्द्र आंगनवाड़ी कार्यकत्री के अपने घर पर संचालित करती है। खुले में चल रहे ऐसे सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों की सूची बनाकर तत्काल सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाए। श्रम विभाग की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने उपायुक्त एवं सभी सहायक श्रमायुक्त को निर्देशित किया कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के कल्याणार्थ संचालित सभी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर उनका आवेदन कराते हुए लाभ से आच्छादित किया जाए। उन्होने मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना पर बल देतेे हुए बताया कि प्रथम 2 प्रसव पर एक मुश्त सहायता राशि के क्रम में पंजीकृत पुरूष श्रमिकों को रू0 6 हजार एवं महिला श्रमिक को 3 माह का न्यूनतम वेतन सहित 1 हजार रू0 का चिकित्सा बोनस प्रदान किया जाता है। पुत्री होने पर 25 हजार एवं पुत्र होने पर 20 हजार रू0 की सहायता राशि मिलती है। पहली एवं दूसरी प्रसव पर पुत्री जन्म होने पर प्रत्येक प्रसव पर 25 हजार रू0 एवं दिव्यांग पुत्री होने की स्थिति में 50 हजार रू0 सावधि जमा 18 वर्षाें के लिए होता है। मण्डलायुक्त ने श्रम विभाग की कन्या विवाह योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना, निर्माण कामगार मृत्यु व दिव्यांगता सहायता योजना सहित अन्य योजनाओं के प्रचार- प्रसार पर बल दिया।

राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना (30 हजार रू0 सहायता राशि) की समीक्षा में बलिया व मऊ में अधिक अस्वीकृत आवेदनों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उपर्युक्त दोनों जिले के जिला समाज कल्याण अधिकारी को वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। उन्होने संवेदनशीलता के साथ कहा कि परिवार में कमाने वाले सदस्य की मृत्यु पर मिलने वाले 30 हजार रू0 आर्थिक सहायता राशि विषयक आवेदन को अस्वीकृत न किया जाए।

शासन द्वारा भेजे गये रिपोर्ट के क्रम में मण्डलायुक्त ने मण्डल के तीनों जनपदों के सीडीओ को निर्देशित किया कि निर्धारित विभिन्न योजनाओं में सूची में अंकित संबंधित विकास खण्ड में स्थलीय सत्यापन कराकर 31 अगस्त तक रिपोर्ट भेजना सुनिश्चित करें। उत्तर प्रदेश की वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था में आजमगढ़ मण्डल के प्रगति के क्रम में वार्षिक विकास दर एवं प्रति व्यक्ति वार्षिक आय क्रमशः आजमगढ़ 12.5 प्रतिशत, लगभग 55 हजार रू0, मऊ 18 प्रतिशत, लगभग 59 हजार रू0 व बलिया 12.1 प्रतिशत, 54247 रू0 है। मण्डल के सभी जनपदों में विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति बढ़ाने हेतु मण्डलायुक्त ने प्रेरित किया। एनीमिया मुक्त भारत की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को आयरन व फोलिक एसिड की गोलियों के सुगम वितरण में डीआईओएस व बीएसए द्वारा सहयोग पर बल दिया गया।

कृषि विभाग के अन्तर्गत पीएम फसल बीमा योजना में किये गये आवेदन के सापेक्ष शत प्रतिशत पात्र लाभार्थियों का भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि बिना कारण कोई भी आवेदन निरस्त न करें। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान आजमगढ़ मण्डल में स्थित गौशालाओं के किनारे ट्रेंच/गड्ढ़ा खुदवाकर पेड़ लगायें। इसके साथ ही मण्डलायुक्त ने जल जीवन मिशन हर घर जल, पं0 दीन दयाल सोलर स्ट्रीट लाइट, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, राज्य योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी टूलकिट वितरण, बागवानी, कृषि रक्षा रसायन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, बीज डीबीटी, प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क निर्माण, 15वां वित्त आयोग, 5वां वित्त आयोग, आपरेशन कायाकल्प, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, नई सड़कों का निर्माण, दुग्ध मूल्य भुगतान, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, मत्स्य उत्पादन, प्रोजेक्ट अलंकार आदि की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को योजनान्तर्गत अपेक्षित प्रगति लाते हुए रैंकिंग एवं ग्रेडिंग में सुधार लाने के निर्देश दिये।

बैठक में जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी मऊ आनन्द वर्धन, अपर आयुक्त प्रमोद कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ राकेश कुमार पटेल, मऊ विवेक कुमार श्रीवास्तव, संयुक्त विकास आयुक्त सहित समस्त मण्डलीय अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।