*TV 20 NEWS || AZAMGARH : डीएम की संवेदनशील पहल से छात्रा मेनका के सपनों को मिला नया सहारा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु छात्रा मेनका को जिलाधिकारी ने उपलब्ध कराई रू0 1 लाख की आर्थिक सहायता*

डीएम की संवेदनशील पहल से छात्रा मेनका के सपनों को मिला नया सहारा

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु छात्रा मेनका को जिलाधिकारी ने उपलब्ध कराई रू0 1 लाख की आर्थिक सहायता

डीएम ने छात्रा को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए हरसंभव मदद का दिया भरोसा

आर्थिक सहायता पाकर छात्रा व मॉ ने मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी को धन्यवाद व आभार व्यक्त किया

वर्तमान के साथ-साथ भविष्य संवारने पर भी बल- जिलाधिकारी

योगी सरकार में छात्रों के सपनों को मिल रही है नई उड़ान

आजमगढ़, 02 सितम्बर, 2026//
मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सर्वाेदय एवं अन्त्योदय की कार्यभावना को जनपद आजमगढ़ में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल निर्देशन में प्रभावी रूप से साकार किया जा रहा है। शासन की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर संवेदनशील पहल की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा प्रत्येक कार्यदिवस पूर्वान्ह 10 से 12 बजे तक जनता दर्शन में जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना जाता है तथा पात्र व्यक्तियों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है।

जनता दर्शन में आई छात्रा की समस्या को डीएम ने गंभीरता से लिया

विगत दिनों जनता दर्शन में तहसील बूढ़नपुर के अतरौलिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खानपुर फतेह निवासी मेनका प्रजापति पुत्री स्व0 अमरजीत प्रजापति ने जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार को प्रार्थना पत्र देकर अपनी आर्थिक स्थिति एवं पढ़ाई से संबंधित समस्या से अवगत कराया था। छात्रा ने बताया कि वह अत्यंत गरीब परिवार से है और आजमगढ़ शहर में एसएससी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। गांव से आजमगढ़ मुख्यालय स्थित कोचिंग संस्थान तक प्रतिदिन लगभग 60 किलोमीटर आने-जाने में काफी किराया खर्च होता है, जिसे वहन कर पाना उसके लिए मुश्किल हो रहा था। आर्थिक कठिनाई के कारण उसकी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी एवं आगे की पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने छात्रा की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना। उन्होंने छात्रा की पारिवारिक पृष्ठभूमि, पढ़ाई तथा आर्थिक स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। छात्रा की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल रोडवेज एमएसटी पास बनवाया, जिससे उसे प्रतिदिन आवागमन में होने वाले आर्थिक भार से राहत मिल सके और वह अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रख सके।

छात्रा की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने उसकी पढ़ाई में सहयोग के लिए अपील की। जिलाधिकारी की अपील से प्रेरित होकर एक समाजसेवी ने छात्रा की शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में सहयोग के लिए रू0 1 लाख की सहायता राशि का चेक जिलाधिकारी को प्रदान किया। जिलाधिकारी ने छात्रा मेनका एवं उनकी माता सरिता देवी को कलेक्ट्रेट में बुलाकर सहायता राशि का चेक सम्मानपूर्वक प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने छात्रा को आगे बढ़ने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि आर्थिक कठिनाई उसकी प्रतिभा और सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बनने दी जाएगी तथा जिला प्रशासन द्वारा छात्रा को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

मदद की खबर सुनकर भावुक हुई छात्रा और उसकी मां

सहायता राशि का चेक प्राप्त करने के बाद छात्रा मेनका एवं उनकी माता सरिता देवी भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि जब डीएम कार्यालय से फोन आया और रू0 1 लाख की सहायता मिलने की जानकारी हुई तो उन्हें विश्वास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बीच यह सहायता उनके लिए बहुत बड़ी उम्मीद लेकर आई है। छात्रा मेनका ने कहा कि रू0 1 लाख की सहायता राशि मिलने से अब उसके सपने साकार होते हुए दिखाई दे रहे हैं। उसने बताया कि वह पूरी मेहनत और लगन के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करेगी तथा सफलता प्राप्त कर अपने परिवार और सहयोग करने वाले लोगों का नाम रोशन करने का प्रयास करेगी।

छात्रा मेनका एवं उनकी माता सरिता देवी ने मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल से उन्हें मुश्किल समय में बड़ा सहारा मिला है। उन्होंने कहा कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए इस प्रकार का सहयोग वास्तव में प्रेरणादायी है।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार ने भी छात्रा मेनका को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन एवं उपयोगी टिप्स दिए। उन्होंने समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक घटनाक्रम की तैयारी, विगत वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास तथा मॉक टेस्ट के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्रा को प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित कुछ उपयोगी प्रतियोगी पुस्तकें भी भेंट कीं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला प्रशासन की इस पहल से यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया है कि प्रतिभा और मेहनत के सामने आर्थिक परिस्थितियां बाधा नहीं बनेंगी। जरूरतमंद एवं पात्र लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जनता दर्शन प्रभावी माध्यम के रूप में कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की संवेदनशील पहल से मेनका जैसी प्रतिभावान छात्रा को न केवल तत्काल आर्थिक राहत मिली है, बल्कि उसे अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी मिला है।