*TV 20 NEWS || LUCKNOW: अयोध्या की श्रीमती अर्पिता पाण्डेय को उपमुख्यमंत्री जी ने स्वीकृत किया मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास*

प्रेस विज्ञप्ति

• अयोध्या की श्रीमती अर्पिता पाण्डेय को उपमुख्यमंत्री जी ने स्वीकृत किया मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास

• जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर था गरीब परिवार, समस्या का उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लिया तत्काल संज्ञान

• अधिकारीयों को निर्देश शौचालय सहित अन्य पात्रता आधारित सरकारी योजनाओं से परिवार को जोड़ा जाये

उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी

लखनऊ | 05 सितंबर, 2026, मा. उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने जनपद अयोध्या के विकासखंड बीकापुर के ग्राम खजुराहट निवासी श्रीमती अर्पिता पाण्डेय पत्नी श्री प्रेम प्रकाश के अपने बच्चों सहित जर्जर कच्चे मकान में रहने की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी, अयोध्या से दूरभाष पर वार्ता कर परिवार को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। अधिकारियों से यह भी कहा कि परिवार की स्थिति को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। निर्देशों के क्रम में संबंधित अधिकारियों द्वारा श्रीमती अर्पिता पाण्डेय का मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत किया गया। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि श्रीमती अर्पिता पाण्डेय एवं उनके परिवार को शौचालय सहित अन्य पात्रता आधारित एवं अनुमन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाए।

डबल इंजन सरकार में ही संभव
श्रीमती अर्पिता पाण्डेय के मामले में केशव प्रसाद मौर्य जी द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास स्वीकृति की कार्रवाई कराया जाना इस बात का उदाहरण है कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों तक उनका लाभ पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। इससे पूर्व भी अमेठी जनपद में 70 वर्षीय श्रीमती विधावती जी के कच्चे माकन गिरने की जानकारी मिलते ही श्री मौर्य जी ने उनसे दूरभाष पर बात की और तुरंत मदद के लिए अधिकारीयों को उनके पास भेजा था।

उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि कोई भी गरीब परिवार जर्जर कच्चे मकान में रहने के लिए मजबूर न हो। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण आवासीय योजनाओं के माध्यम से पात्र गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने का कार्य लगातार किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि पात्र लाभार्थियों को आवास के साथ-साथ शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं से भी योजनाओं की पात्रता के अनुसार जोड़ा जाए।

श्री मौर्य जी ने कहा कि गरीबों के उत्थान और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए हम निरंतर कार्य कर रहे है और जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा रहे है। प्रत्येक जिले में जनसमस्याओं और जरूरतमंद परिवारों की परिस्थितियों पर नजर रखी जा रही है तथा किसी भी पीड़ित एवं पात्र परिवार की समस्या सामने आने पर उसे नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।