TV20 NEWS ||AZAMGARH : आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को अप्रेन्टिसशिप के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराएं—जिलाधिकारीआईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को अप्रेन्टिसशिप के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराएं—जिलाधिकारी

आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को अप्रेन्टिसशिप के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराएं—जिलाधिकारी

इस माह 02 अप्रेन्टिस मेले आयोजित कराने के निर्देश, सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी अधिष्ठानों को अप्रेन्टिस पोर्टल से जोड़ने पर जोर

पीएम सेतू योजना के तहत प्रशिक्षित अनुदेशकों से प्रशिक्षणार्थियों को कराया जाए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण

आजमगढ़, 09 सितम्बर 2026।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आईटीआई से संबंधित पीएम सेतू योजना एवं एनएपीएस (नेशनल अप्रेन्टिसशिप प्रमोशन स्कीम) योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं की प्रगति, आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को अप्रेन्टिसशिप से जोड़ने तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार के संबंध में विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में नोडल प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई आजमगढ़ दीपक कुमार यादव ने अप्रेन्टिस योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में स्थापित समस्त निजी एवं राजकीय अधिष्ठानों से आईटीआई की टीम द्वारा निरंतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही अप्रेन्टिस मेलों के माध्यम से जनपद के आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को अप्रेन्टिसशिप योजना से जोड़ा जा रहा है। अप्रेन्टिस योजना के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा निर्धारित ₹9,600 मानदेय अभ्यर्थियों को प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पीएम सेतू योजना के अंतर्गत जनपद के राजकीय आईटीआई के प्रशिक्षकों को एनएसटीआई, कानपुर में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। हालांकि, पीएम सेतू योजना में अभी तक जनपद आजमगढ़ को क्लस्टर के रूप में चिन्हित नहीं किया गया है।

अप्रेन्टिसशिप के अवसर बढ़ाने पर जिलाधिकारी का जोर
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने निर्देशित किया कि इस माह कम से कम दो अप्रेन्टिस मेले आयोजित कराए जाएं तथा अप्रेन्टिसशिप से संबंधित प्रगति में और तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि जनपद के समस्त सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी अधिष्ठानों को अप्रेन्टिस पोर्टल पर पंजीकृत/जोड़ा जाए, ताकि आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को अधिकाधिक अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिष्ठानों से समन्वय कर रिक्त अप्रेन्टिसशिप सीटों की जानकारी प्राप्त की जाए तथा योग्य अभ्यर्थियों को उनकी ट्रेड एवं योग्यता के अनुरूप अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि अप्रेन्टिसशिप युवाओं को व्यावहारिक एवं उद्योग आधारित कार्य-अनुभव उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसकी प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए लक्ष्यपरक ढंग से कार्य किया जाए।

प्रशिक्षित अनुदेशकों से गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण कराने के निर्देश
पीएम सेतू योजना के माध्यम से एनएसटीआई, कानपुर से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके अनुदेशकों की विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इन प्रशिक्षित अनुदेशकों से आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण कराया जाए। इससे प्रशिक्षणार्थियों को आधुनिक तकनीक, बेहतर व्यावहारिक ज्ञान एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त हो सकेगा तथा उनके कौशल में और निखार आएगा। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कौशल विकास को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ते हुए युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाए, जिससे प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, डीईएसटीओ रामदरस यादव, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई लालगंज रीतेश कुमार सिंह, प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई फूलपुर के.पी. प्रसाद, अनुदेशक श्रीकान्त यादव, अरविन्द कुमार उपाध्याय, इन्द्रपति कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।