*TV 20 NEWS || LUCKNOW:आयुष सेवाओं को डिजिटल पंख, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया आयुष क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट रजिस्ट्रेशन सिस्टम का शुभारंभ*

प्रेस विज्ञप्ति

• आयुष सेवाओं को डिजिटल पंख, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया आयुष क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट रजिस्ट्रेशन सिस्टम का शुभारंभ

• योग और आयुर्वेद को वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य कर रही मोदी सरकार: केशव प्रसाद मौर्य

• स्वस्थ शरीर, निरोगी काया—यही समृद्ध समाज की पहली आवश्यकता: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

• प्रदेश के हर जिले में आयुष चिकित्सा शिक्षा को विस्तार देने की दिशा में बढ़ेंगे कदम: केशव प्रसाद मौर्य

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ। दिनांक 23-09-2026, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयुष विभाग द्वारा आयोजित 11वें आयुर्वेद दिवस समारोह का मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य सरकार के पोर्टल पर नव-विकसित ‘आयुष क्लीनिकल इस्टेब्लिशमेंट रजिस्ट्रेशन सिस्टम एप’ को विधिवत लॉन्च किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय योग और आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर एक नई और प्रामाणिक पहचान मिली है। उन्होंने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में आयुष चिकित्सा पद्धति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आयुष मेडिकल कॉलेज’ (One District One Ayush Medical College) की स्थापना की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।

राष्ट्रीय आयुष मिशन और स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़ाव
श्री मौर्य ने ‘आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों (AHWCs) और डिजिटल आयुष सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। नए डिजिटल पोर्टल व रजिस्ट्रेशन ऐप के माध्यम से आयुष चिकित्सा संस्थानों और क्लीनिकों का पंजीकरण पारदर्शी, त्वरित व सुगम होगा। इससे प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण और प्रामाणिक आयुष चिकित्सा सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। उन्होंने रेखांकित किया कि आज विदेशों में भी भारतीय डॉक्टरों, इंजीनियरों और उद्यमियों की साख हमारी अनुशासित जीवनशैली और समृद्ध ज्ञान परंपरा का ही परिणाम है।

स्वदेशी तकनीक का अवलोकन एवं प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह से पूर्व उप मुख्यमंत्री ने परिसर में आयोजित आयुष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत निर्मित अत्याधुनिक स्वास्थ्य चेकअप मशीन के माध्यम से अपने स्वास्थ्य के 150 पैरामीटरों की जांच कराई। इसके पश्चात उन्होंने भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्री मौर्य ने योगासन, स्लोगन लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेता शिक्षकों, छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए तथा संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया।

निरोगी काया का दिया संदेश
उप मुख्यमंत्री ने संतुलित आहार, योग और नियमित व्यायाम को स्वस्थ जीवन का मुख्य आधार बताते हुए संदेश दिया—”स्वस्थ शरीर निरोगी काया, इससे बढ़कर ना कोई दूजी माया।”
उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से इस संकल्प को जीवन में उतारने का आह्वान किया।

गरिमापूर्ण उपस्थिति:
समारोह में आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर सिंह ‘दयालु’, पद्मश्री श्री के.के. ठकराल, श्री चंद्रशेखर, श्री मनोरंजन साहू, प्रमुख सचिव (आयुष) श्री रंजन कुमार, महानिदेशक (आयुष) श्री जी.एस. प्रियदर्शी, विशेष सचिव, निदेशक, आयुर्वेद कॉलेजों के प्राचार्य, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।