*TV 20 NEWS || AZAMGARH:छात्रवृत्ति आवेदनों के सत्यापन एवं अग्रसारण में तेजी लाने के मुख्य विकास अधिकारी ने दिए निर्देश*

*छात्रवृत्ति आवेदनों के सत्यापन एवं अग्रसारण में तेजी लाने के मुख्य विकास अधिकारी ने दिए निर्देश*

*संस्थाएं 30 सितम्बर तक छात्रवृत्ति संबंधी कोई भी आवेदन लंबित न रखें: मुख्य विकास अधिकारी*

*छात्रवृत्ति योजना की समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित कर जनपद की रैंकिंग बेहतर रखने पर दिया जोर*

आजमगढ़, 23 सितम्बर 2026//

मुख्य विकास अधिकारी मुकेश कुमार पटेल की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजना के क्रियान्वयन तथा शिक्षण संस्थाओं के स्तर से छात्र-छात्राओं द्वारा किए गए ऑनलाइन आवेदनों के सत्यापन एवं अग्रसारण के संबंध में जनपद के संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थाओं के प्रधानाचार्यों/छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के प्रधानाचार्य एवं छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी शामिल हुए।

मुख्य विकास अधिकारी ने संस्था स्तर पर छात्रवृत्ति से संबंधित लंबित डाटा तथा आवेदन पत्रों के कम अग्रसारण पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थाओं को कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को समय से लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवेदन पत्रों का सत्यापन एवं अग्रसारण निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने निर्देशित किया कि छात्रवृत्ति नियमावली में निर्धारित व्यवस्था के अनुसार छात्र-छात्राओं द्वारा ऑनलाइन किए गए आवेदन पत्रों की हार्डकॉपी की जांच करते हुए संस्था स्तर पर प्रतिदिन प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन एवं बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण कराया जाए। इसके उपरांत आवेदन पत्रों को समयबद्ध रूप से अग्रसारित करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दशा में शिक्षण संस्थाओं द्वारा अपने लॉगिन पर छात्र-छात्राओं का डाटा 30 सितम्बर 2026 तक लंबित न रखा जाए। यदि किसी छात्र-छात्रा के आवेदन पत्र को अग्रसारित करने में तकनीकी अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या आ रही है तो संबंधित संस्था तत्काल जनपदीय अधिकारियों से संपर्क कर समस्या का समाधान कराते हुए आवेदन की कार्यवाही पूर्ण कराए।

उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजना मा. मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से आच्छादित योजना है, जिसके अंतर्गत जनपद की प्रगति के आधार पर प्रत्येक माह रैंकिंग निर्धारित की जाती है। संस्था स्तर पर छात्रवृत्ति से संबंधित आवेदन अथवा डाटा लंबित रहने से जनपद की प्रगति एवं रैंकिंग प्रभावित होती है। इसलिए छात्रवृत्ति योजना से संबंधित प्रत्येक कार्यवाही को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थाओं के प्रधानाचार्यों/नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रवृत्ति योजना से संबंधित कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए तथा प्रतिदिन प्राप्त आवेदनों के सत्यापन, बायोमैट्रिक एवं अग्रसारण की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने पात्र छात्र-छात्राओं को समय से छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।