*TV 20 NEWS || AZAMGARH :आयुर्वेद दिवस पर जनपद में विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन, ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ थीम पर विद्यार्थियों को आयुर्वेद के प्रति किया गया जागरूक*

आयुर्वेद दिवस पर जनपद में विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ थीम पर विद्यार्थियों को आयुर्वेद के प्रति किया गया जागरूक

आयुर्वेद रैली, चिकित्सा एवं प्रकृति परीक्षण शिविर तथा औषधीय पौधों का किया गया रोपण

आजमगढ़, 23 सितम्बर 2026//

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद आजमगढ़ में 11वें आयुर्वेद दिवस का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ निर्धारित की गई थी। कार्यक्रमों के माध्यम से जनसामान्य एवं विद्यार्थियों को आयुर्वेद की उपयोगिता, स्वस्थ जीवनशैली तथा प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक किया गया।

आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों में आयुर्वेद विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा छात्र-छात्राओं को आयुर्वेद के इतिहास, महत्व, उपयोगिता एवं दैनिक जीवन में इसकी प्रासंगिकता के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों के बीच आयुर्वेद विषय से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खान-पान एवं दिनचर्या में आयुर्वेद के सिद्धांतों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रातःकाल “रन फॉर आयुर्वेद” रैली का आयोजन किया गया। रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर नगर पालिका चौराहा होते हुए नगर आयुर्वेद चिकित्सालय, एलवल पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के माध्यम से आमजन को आयुर्वेद के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली एवं प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूक किया गया।

नगर आयुर्वेद चिकित्सालय, एलवल में रैली के समापन के उपरांत भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात जनसामान्य के लिए चिकित्सा शिविर एवं प्रकृति परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया तथा आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण भी किया गया। उपस्थित लोगों को औषधीय पौधों के महत्व एवं उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर आयुर्वेद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी की ओर से नामित नोडल अधिकारी डॉ. समीर कुमार गुप्ता, डॉ. आरेश पटेल एवं डॉ. अरुण कुमार पांडेय सहित आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सक तथा समस्त स्टाफ द्वारा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आयुर्वेद की प्राचीन एवं वैज्ञानिक जीवन पद्धति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ भविष्य के निर्माण में आयुर्वेद की भूमिका को जन-जन तक पहुंचाना रहा।