*TV 20 NEWS || AZAMGARH :26 सितम्बर को हरिऔध कला केन्द्र में आयोजित होगा कजरी महोत्सव-2026*

*26 सितम्बर को हरिऔध कला केन्द्र में आयोजित होगा कजरी महोत्सव-2026*

*कजरी महोत्सव में बहेगी लोक गायन की बयार*

*जिलाधिकारी ने कजरी महोत्सव को सकुशल एवं निर्विघ्न सम्पन्न कराने के दिए निर्देश*

*आजमगढ़ कजरी महोत्सव में प्रसिद्ध राष्ट्रीय कजरी गायिका मालविका हरिओम लखनऊ देंगी प्रस्तुति*

आजमगढ़, 23 सितम्बर 2026//

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि जनपद आजमगढ़ में 26 सितम्बर 2026 को कजरी महोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के अन्तर्गत हरिऔध कला केन्द्र, आजमगढ़ में कजरी आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के आयोजन हेतु निदेशक, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि कजरी महोत्सव-2026 के अन्तर्गत 26 सितम्बर को हरिऔध कला केन्द्र में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न कलाकारों एवं संस्थाओं द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में प्रसिद्ध राष्ट्रीय कजरी गायिका सुश्री मालविका हरिओम, लखनऊ, आदर्श मिश्रा, आजमगढ़, अजय मिश्रा, आजमगढ़, सुश्री कृतिका सिंह, आजमगढ़ तथा हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि कजरी महोत्सव का उद्देश्य लोक संस्कृति एवं संगीत की समृद्ध परंपरा को प्रोत्साहित करना तथा जनपद की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करना है। महोत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्राप्त होगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अपर जिलाधिकारी वि./रा. गम्भीर सिंह को समन्वयक नामित किया गया है। वहीं जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार एवं पर्यटन सूचना अधिकारी नवीन कुमार को सह-समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिलाधिकारी ने नामित समन्वयक एवं सह-समन्वयकों को निर्देशित किया है कि कजरी महोत्सव-2026 के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं का समुचित समन्वय सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम को निर्विघ्न, शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा आयोजन के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं एवं लोक कलाओं को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजनों में आमजन की सहभागिता महत्वपूर्ण है। कजरी महोत्सव के माध्यम से आजमगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर मिलेगा।