*TV 20 NEWS || AZAMGARH : मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित वीसी समीक्षा बैठक में जनपद की जनगणना तैयारियों की हुई समीक्षा*

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित वीसी समीक्षा बैठक में जनपद की जनगणना तैयारियों की हुई समीक्षा

आजमगढ़ 23 सितम्बर 2026/

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक में जनपद में चल रही जनगणना संबंधी तैयारियों एवं प्रगति से मुख्य सचिव को अवगत कराया गया।

उक्त समीक्षा बैठक में निदेशक, जनगणना निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा पीपीटी के माध्यम से प्रदेश में जनगणना संबंधी चल रहे विभिन्न कार्यों, उनकी निर्धारित समय-सीमा तथा जनगणना कार्य में विभिन्न अधिकारियों की भूमिका के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया।

अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जनपद में जनगणना से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा से पूर्व ही पूर्ण कराए जा रहे हैं। जनपद में लगभग 11,500 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं, जिन्हें 16 नगरीय चार्ज एवं 8 ग्रामीण चार्ज में विभाजित किया गया है।

नगरीय चार्ज के चार्ज अधिकारी के रूप में संबंधित अधिशासी अधिकारी तथा ग्रामीण चार्ज के चार्ज अधिकारी के रूप में संबंधित तहसीलदार कार्यरत हैं। जनपद स्तर पर जिलाधिकारी प्रमुख जनगणना अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी तथा अपर जिलाधिकारी जिला जनगणना अधिकारी के रूप में जनगणना कार्य की निगरानी एवं समन्वय कर रहे हैं।

जनपद में जनगणना कार्य के लिए चार मास्टर ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं, जिनका प्रशिक्षण लखनऊ में 16 से 19 सितंबर के मध्य पूर्ण कराया जा चुका है। इसके पश्चात फील्ड ट्रेनर का प्रशिक्षण 5 अक्टूबर से प्रस्तावित है। फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत विभिन्न तहसील मुख्यालयों पर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

जनपद में लगभग 9,000 प्रगणकों की तैनाती 24 चार्ज में की जा रही है। इनके कार्यों की निगरानी, मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए लगभग 2,000 सुपरवाइजर भी 24 विभिन्न चार्ज में तैनात किए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित कराने के लिए सभी स्तरों पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं तथा प्रशिक्षण एवं मैदानी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।