*TV 20 NEWS || AZAMGARH:आजमगढ़ केस में DGP से स्वतंत्र फोरेंसिक जांच की मांग*

आजमगढ़ केस में DGP से स्वतंत्र फोरेंसिक जांच की मांग

आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने आज उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर आजमगढ़ के अहरौला क्षेत्र के शंभूपुर गांव की घटना में बालक की गोली लगने से हुई मृत्यु की स्वतंत्र फोरेंसिक एवं बैलिस्टिक जांच की मांग की।

उन्होंने कहा कि पुलिस तथा परिवार जनों के परस्पर विरोधी दावों के बीच मामले का निर्णय किसी पक्ष के कथन के आधार पर नहीं, बल्कि वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर होना चाहिए।

उन्होंने डीजीपी से मांग की है कि बालक के शरीर से प्राप्त गोली/प्रोजेक्टाइल अथवा उसके टुकड़ों, कपड़ों एवं अन्य फोरेंसिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए स्वतंत्र एफएसएल व बैलिस्टिक जांच कराई जाए। आरोपी के हथियार तथा मौके पर गोली चलाने वाले प्रत्येक पुलिसकर्मी के हथियार और बरामद खोखों को भी सुरक्षित कर उनका आपस में मिलान कराया जाए।

उन्होंने पोस्टमार्टम एवं उपलब्ध एक्स-रे व अन्य चिकित्सकीय अभिलेखों के आधार पर गोली की दिशा एवं पथ का निर्धारण तथा घटनास्थल का वैज्ञानिक पुनर्निर्माण कराने की भी मांग की है, ताकि उपलब्ध वैज्ञानिक साक्ष्यों से यह निर्धारित किया जा सके कि गोली किस हथियार से और किस दिशा से चली थी।

अमिताभ ठाकुर ने विशेष रूप से सभी संबंधित साक्ष्यों को जांच पूरी होने तक सुरक्षित एवं सीलबंद रखने तथा स्वतंत्र विशेषज्ञ परीक्षण के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की मांग की है।

Amitabh Thakur
9415534526