*TV 20 NEWS || AZAMGARH:जनपद आजमगढ़ में “राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह–अक्टूबर 2026” का हुआ शुभारंभ*

*प्रेस-विज्ञप्ति, दिनांक 01.10.2026, जनपद-आजमगढ़*

*🔹 जनपद आजमगढ़ में “राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह–अक्टूबर 2026” का हुआ शुभारंभ*
*🔹 समस्त थानों एवं साइबर हेल्प डेस्क द्वारा “सुरक्षित वेब ब्राउज़िंग” विषय पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान*
*🔹 चौपाल, जागरूकता शिविर एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया गया जागरूक*

*अक्टूबर माह में प्रतिदिन अलग-अलग साइबर सुरक्षा विषयों पर चलेगा विशेष अभियान*
*आजमगढ़।* नागरिकों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग को बढ़ावा देने तथा ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से जनपद आजमगढ़ में आज दिनांक 01 अक्टूबर 2026 से “राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह–अक्टूबर 2026 (National Cyber Security Awareness Month–NCSAM)” का शुभारंभ किया गया।
माननीय प्रधानमंत्री जी की अध्यक्षता में आयोजित PRAGATI बैठक में निर्गत निर्देशों एवं उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के क्रम में यह अभियान पूरे अक्टूबर माह संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान आमजन, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों तथा डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने वाले नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी साइबर क्राइम के कुशल नेतृत्व में जनपद के समस्त थानों एवं साइबर हेल्प डेस्क द्वारा अभियान को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
अभियान के प्रथम दिवस “WEB BROWSING SAFETY/सुरक्षित वेब ब्राउज़िंग” को मुख्य विषय के रूप में लेते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में चौपाल, जागरूकता शिविर, सार्वजनिक स्थलों पर संवाद कार्यक्रम एवं अन्य जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गयीं।
*सुरक्षित वेब ब्राउज़िंग के संबंध में नागरिकों को किया गया जागरूक*
पुलिस टीमों द्वारा नागरिकों को बताया गया कि इंटरनेट का उपयोग करते समय सावधानी बरतना साइबर अपराध से बचाव में महत्वपूर्ण है। इस दौरान निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष रूप से जागरूक किया गया—
*1. वेबसाइट के URL की जांच करें-*
किसी वेबसाइट पर अपनी व्यक्तिगत अथवा वित्तीय जानकारी दर्ज करने से पहले उसके URL को ध्यानपूर्वक जांचें। वेबसाइट के नाम की स्पेलिंग में मामूली बदलाव करके भी फर्जी वेबसाइट बनाई जा सकती है।
*2. सुरक्षित कनेक्शन की जांच करें-*
वेबसाइट खोलते समय https:// तथा ब्राउज़र द्वारा प्रदर्शित सुरक्षा संकेतक की जांच करें। केवल HTTPS होना वेबसाइट की विश्वसनीयता की पूर्ण गारंटी नहीं है, इसलिए वेबसाइट की प्रामाणिकता भी जांचें।
*3. संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें-*
SMS, WhatsApp, ई-मेल अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त अज्ञात या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। बैंक KYC, बिजली बिल, इनाम, नौकरी, सरकारी योजना अथवा अन्य किसी बहाने से भेजे गये लिंक की पहले पुष्टि करें।
*4. अनजान APK एवं फाइल डाउनलोड न करें-*
किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजी गयी APK अथवा संदिग्ध एप्लीकेशन को मोबाइल में इंस्टॉल न करें। एप्लीकेशन केवल विश्वसनीय एवं आधिकारिक स्रोत से ही डाउनलोड करें।
*5. OTP एवं पासवर्ड साझा न करें-*
OTP, PIN, CVV, UPI PIN, पासवर्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
*6. फर्जी वेबसाइट एवं ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहें-*
बहुत कम कीमत पर सामान, आकर्षक इनाम, नौकरी, निवेश अथवा अन्य लाभ का लालच देने वाली वेबसाइटों पर भुगतान करने से पहले उनकी प्रामाणिकता की जांच करें।
*साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल करें शिकायत*
पुलिस टीमों द्वारा नागरिकों को बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन बैंकिंग, UPI, कार्ड, वॉलेट अथवा अन्य माध्यम से साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होता है तो बिना समय गंवाये राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
*राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल:*
https://www.cybercrime.gov.in
साइबर ठगी की सूचना तत्काल देने से संबंधित धनराशि के ट्रांजेक्शन को रोकने/होल्ड कराने के लिए शीघ्र कार्रवाई की संभावना रहती है। इसलिए घटना के बाद समय गंवाये बिना शिकायत करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
*साइबर अपराध से बचाव के लिए आजमगढ़ पुलिस की अपील*
आजमगढ़ पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गयी कि इंटरनेट एवं डिजिटल सेवाओं का उपयोग करते समय सतर्कता बरतें। किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अज्ञात APK डाउनलोड करने अथवा संदिग्ध वेबसाइट पर व्यक्तिगत/वित्तीय जानकारी दर्ज करने से बचें।
किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 पर सूचना दें तथा मोबाइल नंबर, स्क्रीनशॉट, संदिग्ध लिंक, बैंक ट्रांजेक्शन विवरण एवं अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखें।
*पूरे अक्टूबर माह चलेगा साइबर जागरूकता अभियान*
राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह–अक्टूबर 2026 के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ के समस्त थानों एवं साइबर हेल्प डेस्क द्वारा पूरे माह विभिन्न विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान साइबर ठगी के नए तरीकों, सोशल मीडिया सुरक्षा, डिजिटल भुगतान की सुरक्षा, फिशिंग, OTP फ्रॉड, फर्जी निवेश/नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी तथा अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में नागरिकों को जागरूक किया जाएगा।
*आजमगढ़ पुलिस का संदेश—*
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें—साइबर अपराध की तत्काल सूचना 1930 पर दें।”