TV20 NEWS || LUCKNOW: केशव प्रसाद मौर्य ने गांधी एवं शास्त्री जयंती पर देश एवं प्रदेश्‍वासियों को दी हार्दिक शुभकामनाएं

केशव प्रसाद मौर्य ने गांधी एवं शास्त्री जयंती पर देश एवं प्रदेश्‍वासियों को दी हार्दिक शुभकामनाएं

महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश और शास्त्री जी के “जय जवान, जय किसान” संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएगा ग्राम्य विकास विभाग

गांधी एवं शास्त्री जयंती पर प्रदेशभर में चलेगा विशेष स्वच्छता एवं सेवा अभियान, उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिए प्रमुख सचिव को निर्देश

ग्राम सभाओं में विकास की प्राथमिकताओं पर होगी चर्चा, विभागीय भवनों पर कराएं ध्वजारोहण

सेवा संकल्प, स्वच्छता और जनभागीदारी” से सशक्त होंगे गांव, योजनाओं की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश

मा. उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी

लखनऊ, 01 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने 02 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सेवा और ग्राम स्वराज के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का मार्ग दिखाया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के उच्च आदर्श स्थापित किए।

उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास विभाग श्री सौरभ बाबू को निर्देशित किया कि गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में सेवा संकल्प एवं स्वच्छता अभियान के अंतर्गत विशेष सफाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। ग्राम पंचायतों में स्वच्छता एवं जनजागरूकता से संबंधित गतिविधियों को व्यापक रूप से संचालित करते हुए ग्रामीणों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। ग्राम सभाओं में ग्राम पंचायतों की विकास कार्ययोजनाओं तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की प्राथमिकताओं पर चर्चा कर आवश्यक कार्यों को चिन्हित किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने महात्मा गांधी जी के स्वच्छता संदेश को स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है। स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़कर देशभर में व्यापक जागरूकता का वातावरण तैयार हुआ है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए ग्रामीण विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ग्राम्य विकास विभाग के सभी विभागीय भवनों एवं कार्यालयों पर ध्वजारोहण कराया जाए तथा शासन की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को जनसामान्य तक पहुंचाने के लिए प्रभावी गतिविधियां आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के साथ स्वच्छ प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सामाजिक सद्भाव एवं नागरिक दायित्वों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाए।

श्री मौर्य ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि वीबी-जी राम जी योजना, स्वयं सहायता समूहों की दीदियों तथा ग्राम्य विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों और उल्लेखनीय उपलब्धियों को कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए। सफल लाभार्थियों एवं समूहों के कार्यों को सामने लाने से ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचार, आत्मनिर्भरता एवं आजीविका के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन से गांधी जी के स्वच्छता एवं सेवा के संदेश को आत्मसात करने तथा शास्त्री जी के “जय जवान, जय किसान” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा, स्वच्छता, जनभागीदारी और सामाजिक समरसता के माध्यम से सशक्त एवं आत्मनिर्भर गांवों का निर्माण ही इन महान विभूतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

रतन सिंह, सूचनाधिकारी, उप मुख्‍यमंत्री (एम) 9454419743