*TV 20 NEWS || AZAMGARH :”जय जवान, जय किसान” — राष्ट्र की सुरक्षा और समृद्धि का आधार: लाल बहादुर शास्त्री*

आइकॉनिक स्कूल ऑफ आजमगढ़–वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई
आजमगढ़। वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन प्रार्थना सभा से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के जीवन, आदर्शों, राष्ट्र के प्रति उनके योगदान और कर्तव्यनिष्ठा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए गए। इसके पश्चात महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह, संरक्षक अरविंद कुमार सिंह तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्श वाक्यों एवं विचारों को तख्तियों और पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, देशभक्ति, किसान एवं जवान के सम्मान तथा राष्ट्रहित से जुड़े संदेशों के माध्यम से दोनों महापुरुषों के विचारों को जीवंत किया।
अपने संबोधन में विद्यालय के प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह ने महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा के विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन हमें सिखाता है कि दृढ़ संकल्प, सत्य और अहिंसा के माध्यम से समाज और राष्ट्र में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है।
लाल बहादुर शास्त्री जी के प्रसिद्ध नारे “जय जवान, जय किसान” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और समृद्धि में हमारे जवानों और किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमें देश के जवानों और किसानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए। उन्होंने शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेने की बात कही तथा विद्यार्थियों से माता-पिता, गुरुजनों और राष्ट्र को सदैव सम्मान एवं प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर अपने व्यवहार और जीवन में उतारने का संकल्प लेने को कहा।
कार्यक्रम में आयशा तैयब, डॉ. शोमिता श्रीवास्तव, सोनम सिंह, अनीता सिंह, आरती सिंह, कुमकुम दुबे, ई. इंद्रजीत साहनी, प्रद्युम्न विश्वकर्मा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
वेदांता इंटरनेशनल स्कूल शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना को विद्यार्थियों में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यालय ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया।