*TV 20 NEWS || AZAMGARH :गुरु गोविन्द सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित, 13 अक्टूबर 2026 से पूर्व भेजे प्रस्ताव*

*गुरु गोविन्द सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित, 13 अक्टूबर 2026 से पूर्व भेजे प्रस्ताव*

आजमगढ़ 06 अक्टूबर 2026//

उत्तर प्रदेश शासन, राष्ट्रीय एकीकरण अनुभाग के प्रमुख सचिव द्वारा जारी पत्र के क्रम में वर्ष 2026-27 के लिए गुरु गोविन्द सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार हेतु प्रस्ताव/आवेदन आमंत्रित किये गये हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा मानवाधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय एवं राष्ट्रीय एकीकरण के क्षेत्र में सर्वोत्कृष्ट एवं पूर्णतः समर्पित रूप से कार्य करने वाले प्रदेश में निवासरत व्यक्तियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने के उद्देश्य से गुरु गोविन्द सिंह के जन्म दिवस के अवसर पर यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। पुरस्कार स्वरूप रू0 1 लाख की नगद धनराशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाता है।

पुरस्कार की अर्हताएं निम्नवत निर्धारित की गई हैं:-भारत का मूल नागरिक हो। उत्तर प्रदेश राज्य की सीमा के भीतर पुरस्कार पर विचार किये जाने वाले वर्ष में सामान्यतया निवास करता रहा हो। मानवाधिकार, सामाजिक न्याय व राष्ट्रीय एकीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान रहा हो। गुरु गोविन्द सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार योजना के अधीन पूर्व में इस राज्य सरकार द्वारा पुरस्कार न दिया जा चुका हो।

अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन ने बताया कि जनपद में इस पुरस्कार के मापदंडों को पूरा करने वाले पात्र महानुभावों के न्यूनतम एक-एक प्रस्ताव उनके द्वारा किए गए महत्वपूर्ण कार्यों का तथ्यात्मक विवरण एवं अभिलेखीय साक्ष्यों के साथ निर्धारित प्रारूप में दिनांक 30 सितंबर 2026 से बढ़कर 15 अक्टूबर 2026 तक चार प्रतियों में उपलब्ध कराये जाने की अपेक्षा की गई है।

अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन ने समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया है कि अपने क्षेत्र अंतर्गत उक्त का प्रचार प्रसार करते हुए क्षेत्र के ऐसे पात्र महानुभावों के आवेदन निर्धारित प्रारूप में वांछित सूचना के साथ 13 अक्टूबर 2026 से पूर्व पांच प्रतियों में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।