*TV 20 NEWS || AZAMGARH :जनपद प्रभारी व श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह मंे पहुंचकर 700 से अधिक जोड़ों का दिया उपहार व आशीर्वाद*

 

दिव्यता एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह, 700 से अधिक जोड़ों ने लिए मंगल फेरे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने प्रति जोड़ा सहायता राशि रू0 51 हजार से बढ़ाकर रू0 1 लाख की, 700 से अधिक जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह सम्पन्न- अनिल राजभर

मा0 मंत्री ने सामूहिक विवाह में सम्मिलित होकर नवविवाहित वर-वधुओं को सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन के लिए दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ

सामूहिक विवाह का यह आयोजन सामाजिक समरसता, समानता और सहयोग की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय पहल- श्रम एवं सेवायोजन मंत्री

आजमगढ़, 16 अक्टूबर 2026//

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद आजमगढ़ में भव्य एवं गरिमामय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। सावित्रीबाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, आजमगढ़ में आयोजित जनपद स्तरीय समारोह में जनपद प्रभारी मंत्री/श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर की गरिमामयी उपस्थिति में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के 700 से अधिक जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संस्कार के साथ नवदम्पत्तियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर अपने जीवन की नई शुरुआत की। विगत 12 अक्टूबर को 536 जोड़ों सहित इस शारदीय नवरात्रि में अब तक लगभग 1250 जोड़ों ने सामूहिक विवाह बंधन मंे बंधकर अपने दाम्पत्य जीवन की शुरूआत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद व आभार जताया।

समारोह में नवदम्पत्तियों एवं उनके परिजनों में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। श्रम एवं सेवायोजन मंत्री, मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद, शुभकामनाएं एवं उपहार प्रदान करते हुए उनके सुखमय, समृद्ध और मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की। शासन की ओर से आर्थिक सहायता, उपहार सामग्री तथा सुव्यवस्थित आयोजन की व्यवस्था के माध्यम से पात्र परिवारों को बेटियों के विवाह के अवसर पर सहयोग प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा- अनिल राजभर

मा० प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल गृहस्थ जीवन की कामना की। उन्होने अपने प्रभार जनपद आजमगढ़ में समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होकर नवविवाहित वर-वधुओं को सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होने कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, समानता और सहयोग की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। ऐसे कार्यक्रम जरूरतमंद परिवारों को संबल प्रदान करने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव एवं एकता का संदेश देते हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी नवदंपतियों का जीवन सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशियों से परिपूर्ण रहे।

मा0 मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। इस योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह को सम्मानजनक ढंग से सम्पन्न कराने के साथ ही परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा कुल एक लाख रुपये की व्यवस्था की गई है। इसमें रू0 64 हजार की धनराशि कन्या के दाम्पत्य जीवन की खुशहाली एवं गृहस्थी की स्थापना के लिए उसके खाते में अंतरित की जाती है। इसके अतिरिक्त रू0 21 हजार की उपहार सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जबकि भोजन, पण्डाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित आयोजन की अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर रू0 15 हजार प्रति जोड़ा व्यय किए जाते हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पूर्व में इस योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा रू0 51 हजार की सहायता की व्यवस्था थी, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बढ़ाकर रू0 1 लाख किया गया है। इससे पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता मिलने के साथ ही विवाह समारोह को गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने में मदद मिल रही है।

11 विकास खण्डों एवं 07 नगरीय निकायों के लाभार्थियों का सम्पन्न हुआ विवाह

जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत 16 अक्टूबर को आयोजित समारोह में 700 से अधिक जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। इसके लिए जनपद के 11 विकास खण्डों एवं 07 नगरीय क्षेत्रों से पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त हुए थे। ग्रामीण क्षेत्रों में पल्हना, तरवां, लालगंज, मेंहनगर, ठेकमा, फूलपुर, पवई, मार्टिनगंज, मिर्जापुर, तहबरपुर एवं अहरौला विकास खण्डों के लाभार्थी शामिल हुए। वहीं, नगरीय क्षेत्रों में नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत मार्टिनगंज, मुबारकपुर, निजामाबाद, सरायमीर, माहुल, मेंहनगर एवं लालगंज से आवेदन प्राप्त हुए थे। उन्होंने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान करना तथा समाज में सामाजिक समरसता, समानता और सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना है। योजना के माध्यम से विभिन्न समुदायों के पात्र जोड़ों को सम्मानजनक वातावरण में विवाह का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।

सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता एवं समानता का प्रतीक- सीडीओ

मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने नवदम्पत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवाह अथवा पाणिग्रहण संस्कार जीवन का एक पवित्र बंधन है। पति-पत्नी आपसी प्रेम, विश्वास, समर्पण एवं सहयोग की भावना के साथ अपने पारिवारिक जीवन की शुरुआत करते हैं तथा परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल विवाह सम्पन्न कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, समानता एवं सामूहिक सहभागिता का भी प्रतीक है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग मिलता है और बेटियों के विवाह को सम्मानजनक स्वरूप प्रदान किया जाता है।

मुख्य विकास अधिकारी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे आपसी प्रेम, विश्वास, सम्मान एवं सहयोग के साथ अपने दाम्पत्य जीवन को आगे बढ़ाएं तथा पारिवारिक एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने सभी नवदम्पत्तियों के सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।

योजना से मिले सहयोग पर नवदम्पत्तियों ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के दौरान नवदम्पत्तियों एवं उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुए विवाह संस्कारों तथा मुस्लिम जोड़ों के निकाह के साथ 700 से अधिक जोड़ों ने अपने नए जीवन का शुभारम्भ किया।

सरकार की ओर से आर्थिक सहायता, उपहार सामग्री एवं व्यवस्थित आयोजन की सुविधा मिलने पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। नवदम्पत्तियों एवं उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संबल साबित हो रही है। इससे बेटियों के विवाह के अवसर पर परिवारों को महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता मिल रही है और विवाह समारोह सम्मानजनक वातावरण में सम्पन्न हो पा रहे हैं।

जन प्रतिनिधियों व जनपदीय अधिकारियों ने नवदम्पत्तियों को दिया आशीर्वाद

समारोह में जन प्रतिनिधिगण-अरविन्द जायसवाल, रानू राजभर, भारतभीम जनार्दन चौहान, मुन्ना राजभर व अन्य सहित उप जिलाधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमन्त सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव, जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह सहित, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी दीप मिश्रा, सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार एवं खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

उपस्थित अधिकारियों ने नवदम्पत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की। अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में समारोह उत्साहपूर्ण, उल्लासमय एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।