*TV 20 NEWS || AZAMGARH :जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन एवं भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त की उपस्थिति में कार्यशाला आयोजित*
आजमगढ़ 16 अक्टूबर, 2026।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) के सफल, सुचारू एवं समयबद्ध संचालन तथा इसकी तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन एवं भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त की उपस्थिति में प्रदेश के समस्त 75 जनपदों के प्रमुख जनगणना अधिकारियों (जिलाधिकारियों) के साथ एक ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन वृहस्पतिवार देर शाम को किया गया।
कार्यशाला में जनगणना-2027 के अंतर्गत अब तक संपन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ-साथ आगामी चरण में संपादित किए जाने वाले विभिन्न कार्यों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्ययोजना के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला के दौरान निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनगणना-2027 के अंतर्गत अब तक की गई तैयारियों एवं संपन्न कार्यों की जानकारी प्रदान की गई। प्रस्तुतीकरण में प्रथम चरण (मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना) के दौरान प्रदेश में किए गए कार्यों, विभिन्न गतिविधियों की प्रगति तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए गए प्रयासों से अवगत कराया गया। इसके साथ ही द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या की गणना के सफल संचालन हेतु की जाने वाली तैयारियों, प्रशिक्षण व्यवस्था, कार्मिकों की भूमिका एवं उत्तरदायित्व तथा निर्धारित समयावधि में कार्यों को पूर्ण किए जाने से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
प्रस्तुतीकरण के माध्यम से यह भी स्पष्ट किया गया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के सफल संचालन के लिए सभी स्तरों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय, समयबद्ध कार्ययोजना, प्रभावी पर्यवेक्षण तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनगणना के प्रत्येक स्तर पर निर्धारित प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना आवश्यक है। इस संबंध में जनपद स्तर पर की जाने वाली तैयारियों एवं कार्यों की नियमित समीक्षा किए जाने पर भी बल दिया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन ने निर्देश दिए कि जनगणना-2027 से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जनगणना के दौरान एकत्रित किए जाने वाले आंकड़ों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं विश्वसनीयता का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने, कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने देने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के दौरान उत्कृष्ट कार्य किया गया है। यह उपलब्धि संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों, प्रतिबद्धता तथा कार्य के प्रति गंभीरता का परिणाम है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि प्रदेश के सभी 75 जनपद प्रथम चरण की इसी कार्यकुशलता एवं प्रतिबद्धता को बनाए रखते हुए द्वितीय चरण के कार्यों को भी पूरी तत्परता के साथ संपन्न कराएंगे। उन्होंने सभी जनपदों के प्रमुख जनगणना अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना के आगामी चरण की तैयारियों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जनपद स्तर पर जनगणना से संबंधित सभी गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जाए तथा प्रशिक्षण, कार्मिकों की तैनाती, कार्यों के क्रियान्वयन एवं प्रगति की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी संबंधित अधिकारियों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि जनगणना का कोई भी कार्य निर्धारित समय-सीमा से पीछे न रहे और संपूर्ण प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो।
कार्यशाला में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि जनगणना-2027 देश के लिए एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। अतः इसके सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए समयबद्धता, आंकड़ों की गुणवत्ता तथा कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए प्रदेश के सभी जनपदों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना, अब तक की प्रगति की समीक्षा करना तथा आगामी कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एक प्रभावी कार्ययोजना के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करना रहा।






