*TV 20 NEWS || LUCKNOW: ‘सियाल फेयर, पेरिस’ में उत्तर प्रदेश की सहभागिता, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने की ओर बढ़ते कदम*
उप मुख्यमंत्री कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
‘सियाल फेयर, पेरिस’ में उत्तर प्रदेश की सहभागिता, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने की ओर बढ़ते कदम
डबल इंजन सरकार का संकल्प: विश्व के प्रत्येक देश तक पहुँचाए जाएँगे उत्तर प्रदेश के निर्मित खाद्य उत्पाद
लखनऊ: दिनांक 18-10-2026, उत्तर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से राज्य का खाद्य प्रसंस्करण विभाग फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित प्रतिष्ठित ‘सियाल फेयर, पेरिस 2026’ (SIAL Paris 2026) में प्रतिभाग कर रहा है। 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस दुनिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय खाद्य मेले के ‘इंडिया पवेलियन’ में उत्तर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी लगाई गई है। दुनिया के सबसे बड़े खाद्य आयोजन में उत्तर प्रदेश इंडिया पवेलियन में अनाज, ऑर्गेनिक फूड, स्नैक्स, फल, सब्जियां और नए फूड स्टार्टअप्स के बेहतरीन उत्पादों को दुनिया के सामने पेश किया जा रहा है।
अपर मुख्य सचिव श्री बीएल मीणा ने बताया कि उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के दिशा निर्देशों में एवं मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सुदृढ़ और वैश्विक स्तर पर प्रभावकारी विदेश नीति के प्रेरणादायी पथ पर चलते हुए उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। प्रदेश का खाद्य प्रसंस्करण विभाग निरंतर नई ऊँचाइयों को छू रहा है। इसी स्वर्णिम क्रम में उत्तर प्रदेश ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है—उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने फ्रांस में आयोजित दुनिया के सबसे बड़े खाद्य आयोजन ‘सियाल फेयर, पेरिस’ (SIAL Fair, Paris) में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई है।
इस उपलब्धि पर विचार व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शी विदेश नीति का ही परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश का खाद्य प्रसंस्करण विभाग वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनकर कार्य कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राज्य की यह भागीदारी यूपी के उत्पादों को नई पहचान दिला रही है। विश्व स्तरीय ‘सियाल फेयर, पेरिस’ में उत्तर प्रदेश में निर्मित उत्कृष्ट खाद्य उत्पादों को बड़े पैमाने पर प्रदर्शित और प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे वैश्विक निवेशकों और खरीदारों का ध्यान राज्य की ओर आकर्षित हुआ है।
श्री मौर्य ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार राज्य के युवाओं, महिलाओं और किसानों के सर्वांगीण विकास और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में रीढ़ की हड्डी साबित हो रहा है। किसानों की आय बढ़ाने और स्थानीय कृषि उत्पादों को मूल्य संवर्धन (Value Addition) देने के लिए राज्य में विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री जी ने बल देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के निर्मित खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों के अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा विशेष योजनाओं का सफल संचालन किया जा रहा है। सरकार का मुख्य लक्ष्य एवं भावी विज़न यह है कि उत्तर प्रदेश की धरती पर निर्मित शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं उत्कृष्ट खाद्य सामग्रियों की पहुँच दुनिया के प्रत्येक देश तक हो। सियाल फेयर जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों के माध्यम से उत्तर प्रदेश ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ के मंत्र को साकार करते हुए वैश्विक खाद्य आपूर्ति श्रृंखला (Global Food Supply Chain) में अपनी एक मजबूत और अमिट छाप छोड़ रहा है।






