*TV 20 NEWS || AZAMGARH :जनगणना-2027 के लिए तहसील मेहनगर एवं मार्टिनगंज में प्रगणक-सुपरवाइजर प्रशिक्षण प्रारंभ*
आजमगढ़ 26 अक्टूबर 2026
जनगणना-2027 के सफल, सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन के उद्देश्य से जनपद आजमगढ़ की तहसील मेहनगर एवं मार्टिनगंज में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन संबंधित उप जिलाधिकारी/उप जिला जनगणना अधिकारी तथा तहसीलदार/चार्ज अधिकारी द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, निर्धारित प्रश्नों के अनुरूप सही जानकारी संकलित करने, मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल प्रविष्टियां करने, मकान सूचीकरण एवं परिवार संबंधी विवरण भरने तथा फील्ड कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के संबंध में प्रशिक्षित किया जा रहा है। साथ ही, प्रपत्रों की शुद्धता, निर्धारित समय-सीमा का पालन और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रगणक जहां प्रत्येक परिवार से निर्धारित जानकारी प्राप्त कर उसे सही रूप में दर्ज करेंगे, वहीं सुपरवाइजरों द्वारा कार्य का पर्यवेक्षण करते हुए प्रविष्टियों की गुणवत्ता एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुपालन को सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड में कार्य प्रारंभ होने से पूर्व सभी कार्मिकों को आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक दक्षता प्रदान करना है।
जनगणना-2027 की समय-सारिणी
उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके पश्चात 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक परिवारों से निर्धारित 40 प्रश्नों के आधार पर जानकारी संकलित करेंगे। इसके उपरांत 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर संचालित किया जाएगा, जिसमें आवश्यकतानुसार विवरणों की जांच एवं संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को यह भी बताया जा रहा है कि जनगणना में प्रत्येक निवासी से संबंधित जानकारी सावधानीपूर्वक एवं सही तरीके से दर्ज करना आवश्यक है। संकलित आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जनपद में प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को दक्ष बनाकर जनगणना कार्य को समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण की नियमित निगरानी तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।






