*TV 20 NEWS || AZAMGARH :भारत निर्वाचन आयोग के मानकानुरूप तैयार बीएलओ रजिस्टर का जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया विमोचन*

 

जनपद के सभी बीएलओ को उपलब्ध कराया जाएगा निर्धारित प्रारूप का रजिस्टर, निर्वाचन संबंधी दैनिक कार्यों का होगा नियमित अंकन एवं ऑनलाइन डाटा अपडेट

आजमगढ़, 02 नवम्बर 2026//

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों में एकरूपता, पारदर्शिता एवं व्यवस्थित अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार कराए गए बीएलओ रजिस्टर का सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित बीएलओ के समक्ष विमोचन किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा लगभग 25 बीएलओ को प्रतीकात्मक रूप से निर्धारित प्रारूप के रजिस्टर वितरित किए गए।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बीएलओ के कार्यों को सुव्यवस्थित एवं एकरूप बनाने के उद्देश्य से निर्धारित मानक के अनुसार यह रजिस्टर तैयार कराया गया है। इस रजिस्टर के माध्यम से प्रत्येक बीएलओ द्वारा अपने क्षेत्र में किए जाने वाले निर्वाचन संबंधी कार्यों का नियमित एवं व्यवस्थित विवरण दर्ज किया जाएगा। जनपद के सभी बीएलओ को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप का यह रजिस्टर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे सभी बीएलओ द्वारा एक समान प्रारूप में निर्वाचन संबंधी कार्यों का अभिलेखीकरण किया जा सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित बीएलओ को निर्देशित किया कि उन्हें उपलब्ध कराए गए रजिस्टर में प्रतिदिन किए जाने वाले निर्वाचन संबंधी कार्यों एवं प्रगति का नियमित रूप से अंकन सुनिश्चित करें। रजिस्टर में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक जानकारी स्पष्ट, सही एवं अद्यतन होनी चाहिए। इसके साथ ही रजिस्टर में अंकित विवरण के अनुसार संबंधित डाटा ऑनलाइन पोर्टल पर भी नियमित रूप से अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी अभिलेखों का सही एवं समयबद्ध संधारण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी बीएलओ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करें तथा रजिस्टर एवं ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज सूचनाओं में एकरूपता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि बीएलओ निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मतदाता सूची से संबंधित कार्यों के संपादन, मतदाताओं से संपर्क एवं निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले निर्देशों के अनुपालन में बीएलओ की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी बीएलओ यह सुनिश्चित करें कि निर्वाचन संबंधी प्रत्येक गतिविधि का विवरण निर्धारित प्रारूप में नियमित रूप से दर्ज किया जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर कार्यों की प्रगति एवं विवरण का अवलोकन किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, उप जिलाधिकारी सदर अविनाश गौतम सहित संबंधित अधिकारीगण एवं बीएलओ उपस्थित रहे।