आजमगढ़ : फोन पर अधिवक्ता व कालेज प्रबंधक के साथ गाली-गलौज, धमकी पर कांग्रेस के नगरध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज

आजमगढ़। सेलफोन पर अधिवक्ता व कालेज प्रबंधक के साथ गाली-गलौज करते हुए जानमाल की धमकी देने के आरोप में शहर कोतवाली में कांग्रेस पार्टी के शहर अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस कार्रवाई को लेकर सियासी गलियारे में हलचल मची है।
शहर के जालंधरी मुहल्ले में स्थित मदरसा इस्लामिया, जमीयतुल कुरैश के प्रबंधक गुलाम रसूल कुरैशी पुत्र स्व० गुलाम हुसैन निवासी मुहल्ला तकिया का आरोप है कि बीते 16 जनवरी को वह अपने संस्थान द्वारा संचालित मिनी आईटीआई का निरीक्षण करने पहुंचे थे। आरोप है कि जब उन्होंने आईटीआई संस्थान में शिक्षकों व कर्मचारियों का उपस्थिति रजिस्टर की मांग किया तो वहां मौजूद मुख्य अनुदेशिका सुफिया बानो ने भला-बुरा कहते हुए उपस्थिति रजिस्टर देने से इंकार कर दिया। इस मामले को प्रबंधक गुलाम रसूल ने अपने अधिवक्ता बजरंग मिश्रा से अवगत कराया। इस बात की जानकारी होने पर मुख्य अनुदेशिका सुफिया बानो के पुत्र व कांग्रेस पार्टी के शहर अध्यक्ष नजम शमीम ने संस्थान प्रबंधक व उनके अधिवक्ता को फोन पर गाली-गलौज करते हुए दोनों को जानमाल की धमकी दी गई। इस मामले में संस्थान प्रबंधक गुलाम रसूल की तहरीर पर शहर कोतवाली में शहर अध्यक्ष नजम शमीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।