गाजीपुर : चिकित्सक की पिटाई करने वाले दबंग जिला पंचायत सदस्य को पुलिस ने किया गिरफ़्तार

चिकित्सक की पिटाई करने वाले दबंग जिला पंचायत सदस्य को पुलिस ने किया गिरफ़्तार,

गाजीपुर। कासिमाबाद सीएचसी अधीक्षक डा. राजेश कुमार के साथ मारपीट के आरोपित भाजपा के जिला पंचायत सदस्य राजकुमार सिंह झाबर को पुलिस ने सेमउर आवास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। झाबर को गिरफ्तार कर ले जा रही पुलिस को रोकने के लिए सैकड़ों समर्थकों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने हलका बल प्रयोग करते हुए सभी को खदेड़ दिया। इस प्रदर्शन में जमकर मुर्दाबाद के नारे भी लगे।
सलेमपुर गांव की आरती राजभर शुक्रवार की शाम पड़ोसी से मारपीट होने के बाद मेडिकल के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी। इसी को लेकर जिला पंचायत सदस्य और डाक्टर में विवाद हुआ था। चिकित्सक डा. राजेश कुमार ने थाने में तहरीर दिया है कि जिला पंचायत सदस्य राजकुमार सिंह झाबर, महुवारी के सिद्धांत सिंह उर्फ राहुल, उपधी गांव के आशीष सिंह व नोनहरा के आरीपुर धरवा गांव निवासी रिंकू सिंह ने पहुंचकर उन्हें मारना-पीटना शुरू कर दिया। जब भाग कर घर में गए तो वहां भी मारे-पीटे और मेडिकल रिपोर्ट फाड़ने के साथ जाति सूचक गालियां दी। पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 147, 148, 323, 504, 506, 307, 332, 333, 353, 427, 452 आदि में मुकदमा दर्ज कर लिया।
देर रात काफी संख्या में पुलिस ने सेमउर आवास पर दबिश देकर झाबर को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस और स्वजन में काफी विवाद भी हुआ। शनिवार को झाबर सिंह की गिरफ्तारी की सूचना मिली तो कोतवाली में समर्थकों की भीड़ लग गई और सभी सड़क जामकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस की गाड़ी रोक ली। पुलिस की सख्ती और भाजपा जिला उपाध्यक्ष अखिलेश राय की अपील के बाद सभी वापस चले गए। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक भारती कई थानों की फोर्स के साथ मौजूद रही।
प्रभारी कोतवाल मोहम्मद सरवर ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य राजकुमार सिंह झाबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी कर रहे हैं।