भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर दिल्ली के एम्स में भर्ती

भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को दिल्ली के एम्स में भर्ती करवाया गया है। सिर और आंख की बीमारी की वजह से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। यह कहा जा रहा है कि कांग्रेस सरकार के दौरान गिरफ्तारी के समय उनके द्वारा पूछताछ के दौरान प्रज्ञा सिंह ठाकुर को प्रताड़ित किया गया था, इसी दौरान उनसे सिर और आंख में चोट आई थी। मध्य प्रदेश के पन्ना में एक दिन में सात कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं, वहीं शहडोल में तीन और पॉजिटिव मरीज मिले हैं। सेंधवा में देर रात दीवार गिरने से पड़ोस के घर की छत गिर गई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से जुड़ी अपडेट व अन्य खबरों के लिए पढ़ि‍ए यहां…

पन्ना जिले में 1 दिन में 7 कोरोना वायरस के मरीज मिलने से हड़कंप

पन्ना जिले में एक के बाद एक लगातार कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। 29 मई को पन्ना जिले में 7 मरीज पाए गए हैं, जिससे अब यहां मरीजों की संख्या 11 हो गई है। जिसमें दो कोरोना पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। 7 कोरोना पॉजिटिव मरीज में एक पन्ना नगर के धाम मोहल्ला का 19 वर्षीय युवक और दूसरा पन्ना की तहसील पवई के श्यामगिरी का 22 वर्षीय युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। जो गुजरात से पन्ना आए हुए थे। वहीं दूसरी जांच रिपोर्ट रात साढ़े 11 बजे आई जिसमें रिपोर्ट के आधार पर 5 और लोग पॉजिटिव आए हैं जो सभी बरबसपुरा के हैं।

सेंधवा में दीवार और छत गिरने से एक व्यक्ति घायल

सेंधवा में मैकेनिक नगर स्थित एक रेस्टोरेंट्स की पुरानी दीवार गिरने से पड़ोस के मकान की टीन और आरसीसी की छत धराशाही हो गई। जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं घर के अंदर रखा इलेक्ट्रॉनिक और घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना रात 2:30 बजे की है। जानकारी के मुताबिक मैकेनिक नगर स्थित एक मंजिला रेस्टोरेंट की पुरानी दीवार अचानक पड़ोस में बने मकान की छत पर गिर गई। जिसके कारण नीचे सो रहे अक्षय कपूर को पैर व सिर में चोट आई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका उपचार किया गया।

शहडोल में मिले तीन नए कोरोना पॉजिटिव मरीज

शहडोल में एक बार फिर शहडोल के लोगों को चिंता देनेवाली खबर सामने आई है। शुक्रवार की देर रात जबलपुर से आई रिपोर्ट में तीन मरीजों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। जिला मुख्यालय के सोहागपुर तहसील अंतर्गत ग्राम ककरहाई के रहने वाले तीन लोगों की रिपोर्ट शुक्रवार की देर शाम कोरोना पॉजिटिव आई है। कोरोना नोडल अधिकारी अंशुमान सोनारे ने बताया कि यह तीनों मरीज मुंबई से शहडोल आए हैं। जिसके बाद जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ज्यादा सख्त और सतर्क हो गया है। मरीजों के आते ही उन्हें क्वारंटाइन कर दिया गया था। और इनके सैंपल जांच के लिए जबलपुर भेजे गए थे। जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर पूरे एरिया को कंटेनमेंट एरिया में तब्दील कर दिया गया है। जिले मे अब एक्टिव केस की संख्या 6 हो गई है और 3 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। इस तरह अब कुल 9 मरीज शहडोल के खाते में दर्ज हो चुके हैं। अब 6 का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।