*TV 20 NEWS || AZAMGARH :23 अगस्त को होगी यूपीएसएसएससी की स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा, व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा*
23 अगस्त को होगी यूपीएसएसएससी की स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा, व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा
परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई : जिलाधिकारी
सीसीटीवी, बायोमेट्रिक, फ्रिस्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
जनपद में 6888 परीक्षार्थी होंगे सम्मिलित, परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने का डीएम ने दिया निर्देश
आजमगढ़, 19 अगस्त 2026/
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में दिनांक 23 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक जनपद के 15 परीक्षा केन्द्रों पर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित विज्ञापन संख्या 07-परीक्षा/2026, सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा (प्रा०अ०प०-2025)/08 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल सम्पन्न कराए जाने के दृष्टिगत स्टैटिक/सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं समस्त केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक आयोजित की गई। उक्त परीक्षा में जनपद के 15 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 6888 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील अवस्था में होने चाहिए। उन्होंने शासन द्वारा नामित एजेंसी को निर्देशित किया कि परीक्षा तिथि से दो दिन पूर्व तक प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर प्राथमिकता के आधार पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उन्हें फंक्शनल कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक अटेंडेंस स्टाफ की केन्द्रवार सूची परीक्षा प्रारम्भ होने से तीन दिन पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध करा दी जाए। परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश के समय महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कर्मियों तथा पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष पुलिस कर्मियों द्वारा कराई जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर खिड़की, दरवाजे एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करा लें। सभी परीक्षा केन्द्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा दिवस पर सभी अधिकारी पूरी गंभीरता के साथ भ्रमणशील रहकर परीक्षा को निर्विघ्न एवं सकुशल सम्पन्न कराएंगे। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लिखित रूप से लगाई जाए तथा उनकी सूची 48 घंटे पूर्व उपलब्ध करा दी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय से अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि मा० मुख्यमंत्री जी की सर्वोच्च प्राथमिकता के अनुरूप जीरो टॉलरेंस नीति के तहत परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। अन्य जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन से परीक्षा केन्द्र तक पहुंचने हेतु साइनेज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उक्त परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु परीक्षा केन्द्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग तथा परीक्षा परिसर में मोबाइल फोन एवं आईटी गैजेट्स ले जाना पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकने तथा प्रश्नपत्रों के रख-रखाव एवं उनके संचरण के दौरान समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराया जाए।
प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बैठक के बाद सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर केन्द्र व्यवस्थापक एवं सहायक केन्द्र व्यवस्थापक से समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। उन्होंने निर्देश दिया कि समस्त स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा तिथि 23 अगस्त 2026 को प्रातः 06 बजे तक प्रत्येक दशा में अपने परीक्षा केन्द्र पर पहुंचकर जिला विद्यालय निरीक्षक, आजमगढ़ के कार्यालय में स्थापित परीक्षा कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 9454417172 अथवा जिला विद्यालय निरीक्षक, आजमगढ़ के सीयूजी मोबाइल नंबर 9454457337 पर अपनी उपस्थिति की सूचना देना सुनिश्चित करेंगे। स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपनी देखरेख में शुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा सम्पन्न कराएंगे। समस्त केन्द्र व्यवस्थापक नकलविहीन, निर्विघ्न एवं सकुशल परीक्षा सम्पन्न कराने तथा परीक्षा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए उत्तरदायी होंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा-163 पूर्व से ही प्रभावी है। इसके दृष्टिगत परीक्षा केन्द्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में तथा आवश्यकता पड़ने पर उसके बाहर भी केन्द्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, परीक्षार्थी एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा तिथि को 200 मीटर की परिधि में तथा आवश्यकता पड़ने पर उसके बाहर भी फोटोस्टेट/कॉपीयर की दुकानें बंद रहेंगी। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अथवा परीक्षार्थी किसी भी प्रकार का शस्त्र लेकर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं करेगा। परीक्षा केन्द्र परिसर में सेलुलर/मोबाइल फोन, पेजर अथवा अन्य किसी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केन्द्र के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग तथा परीक्षा अवधि में पीसीओ, फैक्स, इंटरनेट अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का संचालन पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर, सगड़ी एवं निजामाबाद को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत परीक्षा केन्द्रों पर भ्रमणशील रहकर शांति एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित कराएं तथा केन्द्रों का औचक निरीक्षण भी करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण मनोयोग, सत्यनिष्ठा एवं गंभीरता के साथ परीक्षा सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। किसी भी कार्मिक की शिथिलता से उत्पन्न समस्या के संबंध में भारतीय न्याय संहिता-2023 तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
आयोग के सदस्य ने दिए सतर्कता बरतने के निर्देश
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सदस्य सुबाष सिंह बघेल वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े। उन्होंने कहा कि आयोग की सभी परीक्षाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तरह सतर्क एवं सजग रहें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी परीक्षा तिथि को निर्धारित समय से पूर्व अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें। परीक्षा केन्द्र का गेट बंद होने से पूर्व अभ्यर्थियों को आवश्यक एनाउंसमेंट के माध्यम से सूचित किया जाए, ताकि यदि कोई अभ्यर्थी बाहर रह गया हो तो वह समय से परीक्षा केन्द्र के अंदर प्रवेश कर सके। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए सभी परीक्षा केन्द्रों पर विद्युत बैकअप के लिए जनरेटर की व्यवस्था अवश्य सुनिश्चित की जाए। आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराया जाए।
पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने कहा कि परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने शासन द्वारा बायोमेट्रिक चेकिंग/फ्रिस्किंग हेतु नामित एजेंसी को निर्देशित किया कि बायोमेट्रिक चेकिंग एवं फ्रिस्किंग के लिए लगाए गए कार्मिकों की सूची परीक्षा तिथि से पूर्व उपलब्ध करा दें, जिससे उनका समय से सत्यापन कराया जा सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, एआरटीओ सहित संबंधित अधिकारीगण, समस्त सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।






