रिम्‍स की 2 डॉक्‍टर, 2 मरीजों को कोरोना, मेडिका में भी 2 पॉजिटिव

रांची। राजधानी रांची के रिम्‍स में मंगलवार को एक साथ 6 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 2 जूनियर डॉक्‍टर और रिम्‍स में भर्ती दो मरीजों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। अबतक झारखंड में कुल 50 कोरोना पा‍ॅजिटिव केस मिले हैं। इनमें सबसे अधिक 19 मामले रामगढ़ से सामने आए हैं। रांची के निजी अस्‍पताल मेडिका में इलाज कराने पहुंचे दो मरीज भी कोरोना संक्रमित मिले हैं।

आज के ताजा मामलों में 9 धनबाद, 5 जमशेदपुर, 5 हजारीबाग और 6 नए मामले की पहचान राजधानी रांची में की गई है। आज के ताजा मामलों के साथ राज्‍य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 726 पर पहुंच गया है। आज दुमका में 2, बोकारो, सरायकेला खरसावां, गढ़वा और पलामू में भी एक-एक कोरोना मरीज मिले हैं। इधर रिम्‍स में एक साथ कोरोना पॉजिटिव चार मामले सामने आने के बाद नीचे से ऊपर तक खलबली मच गई है। अस्‍पताल में फैल रहे संक्रमण को लेकर रिम्‍स प्रबंधन सकते में आ गया है। सुरक्षा संबंधी तमाम एहतियात बरते जा रहे हैं। सभी संक्रमितों को कोविड वार्ड में दाखिल कराया गया है।

रांची में मिले आज के 6 कोरोना मरीजों में रिम्‍स की दो जूनियर डॉक्‍टर भी शामिल है। इनमें एक गोरखपुर तथा दूसरी बनारस से दो दिनों पूर्व ही रांची पहुंची हैं। रिम्‍स में पहले से भर्ती ट्रॉमा सेंटर के एक मरीज को भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। ऑर्थो विभाग में इलाज करा रहा एक मरीज भी कोरोना संक्रमित मिला है। रांची के प्राइवेट हॉस्पिटल मेडिका में अपनी बीमारी का इलाज कराने पहुंचे 2 मरीज भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

मंगलवार को झारखंड में मिले 50 कोरोना पॉजिटिव

  1.     रामगढ़ : 19
  2.     धनबाद : 09
  3.     रांची : 06
  4.     हजारीबाग : 05
  5.     पूर्वी सिंहभूम : 05
  6.     दुमका : 02
  7.     गढ़वा : 01
  8.     पलामू : 01
  9.     बोकारो : 01
  10.     सरायकेला-खरसावां : 01