TV 20 NEWS || AZAMGARH :भूलकर भी न जलाएं गेहूं का डंठल : तहसीलदार, संपूर्ण समाधान दिवस में आए 10 शिकायती पत्र, एक का निस्तारण
मेहनगर (आजमगढ़) : तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसीलदार नवीन निश्चल त्रिपाठी व नायब तहसीलदार आनंद कुमार ने फरियादियों की शिकायतें बारी-बारी सुनीं।
इस दौरान कुल 10 शिकायती पत्र आए, जिनमें से मौके पर 01 का निस्तारण किया गया। समाधान दिवस में तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद तहसीलदार ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर आईजीआरएस व समाधान दिवस में लंबित संदर्भों का गुणवत्तापूर्ण स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण शासन की शीर्ष प्राथमिकता में है। इसमें शिथिलता व उदासीनता क्षम्य नहीं होगी।
तहसीलदार ने राजस्व कर्मियों को निर्देशित किया कि गेहूं की कटाई-मड़ाई का कार्य समापन की ओर है। ऐसे में सभी यह सुनिश्चित करें कि किसान खेतों में भूलकर भी गेहूं का डंठल न जलाएं। किसानों को बताएं कि डंठल जलाने से न केवल पर्यावरण प्रदूषित होता है, बल्कि मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने कहा कि किसान अक्सर रात या सुबह के समय मौका देखकर डंठल जलाने का प्रयास करते हैं। गौशाला संचालक भी अपने संसाधनों से चारे के लिए डंठल एकत्र कर सकते हैं।
बैठक में समस्त राजस्व निरीक्षक व लेखपाल मौजूद रहे।





