आजमगढ़ में पट्टे की जमीन पर कब्जा, मछली निकासी रोकी

आजमगढ़। जनपद में सरकारी पट्टे की भूमि पर कब्जा और दबंगई के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला बरदह थाना क्षेत्र के उदियावा गांव का है, जहाँ एक पट्टाधारक को मछली निकालने से रोकने और पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। सोमवार को आजाद अधिकार सेना के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह के नेतृत्व में पीड़ित संतोष सरोज जिला मुख्यालय पहुँचा और जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर सुरक्षा व न्याय की मांग की।

पीड़ित का आरोप है कि लालगंज तहसील द्वारा उदियावा गांव में पोखरी खाते की सरकारी भूमि का विधिवत पट्टा उसके नाम आवंटित किया गया था। जिसमें पीड़ित द्वारा नियमानुसार उसमें मछली पालन का कार्य शुरू किया। जब पीड़ित मछली निकासी के लिए पोखरे पर पहुँचा, तो गांव के ही कुछ दबंग किस्म के लोगों ने उसे रोक दिया और काम बंद करा दिया। पीड़ित का आरोप है कि उसने घटना के तुरंत बाद डायल 112 और स्थानीय बरदह थाने को सूचित किया था। लेकिन विडंबना यह है कि घटना के 2 महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी स्थानीय पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। पुलिस की इसी निष्क्रियता के कारण दबंगों के हौसले बुलंद हैं और पीड़ित आर्थिक नुकसान झेलने को मजबूर है।