जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी द्वारा आज जनपद आजमगढ़ में जनगणना जागरूकता के उद्देश्य से सेल्फी प्वाइंट का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने आम नागरिकों से जनगणना कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े शासन की नीतियों के निर्माण का आधार होते हैं तथा आगामी वर्षों में देश के समग्र एवं संतुलित विकास की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े ही प्रभावी योजनाओं के निर्माण और उनके सफल क्रियान्वयन की आधारशिला होते हैं।
जनपद आजमगढ़ में जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। इस क्रम में लगभग 10,000 प्रगणक एवं सुपरवाइजर तैनात गए हैं, जो घर-घर जाकर आंकड़ों का संकलन करेंगे। 8 तहसीलों एवं 16 नगर निकायों में विभाजित जनपद आजमगढ़ में कुल 9097 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स (HLB) बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे जनपद एवं देश के विकास हेतु योजनाओं का निर्माण अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।






