TV 20 NEWS || AZAMGARH;16 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक जनपद की सभी 8 तहसीलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
16 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक जनपद की सभी 8 तहसीलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
आजमगढ़ 28 अप्रैल 2026/
जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी के मार्गदर्शन एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी के निर्देशन में जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) हेतु 16 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक जनपद की सभी 8 तहसीलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कर दिया गया है।
उप जिलाधिकारी/उप जिला जनगणना अधिकारी एवं सम्बंधित चार्ज अधिकारियों के निर्देशन में 154 फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को पीपीटी के माध्यम से तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जनपद में इस हेतु 10 प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं, जहां तहसील स्तर पर प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। अब तक कुल 9757 प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
प्रशिक्षण समन्वयक मास्टर ट्रेनर इं0 कुलभूषण सिंह ने बताया कि जनगणना-2027 का शुभारंभ हो चुका है और इसके प्रथम चरण के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सदर तहसील में सर्वाेदय पब्लिक स्कूल, जाफरपुर में 11 कमरों में प्रतिदिन लगभग 500 प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को फील्ड ट्रेनरों द्वारा पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में मकानों की गणना एवं सूचीकरण किया जाएगा। प्रत्येक घर पर जाकर जनगणना से संबंधित 33 प्रश्नों के उत्तर मोबाइल एप के माध्यम से भरने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही प्रगणकों को एचएलबी लेआउट एवं नगरीय नक्शा तैयार करने की जानकारी भी दी जा रही है।
मोबाइल एप के उपयोग पर विषेश जोर-
प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रशिक्षुओं को एचएलओ मोबाइल एप इंस्टॉल करने एवं उसके उपयोग की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान भी किया जा रहा है।
जनगणना निदेशालय के जनपद समन्वयक एवं प्रभारी आकाश राय द्वारा सभी तहसीलों में पहुंचकर प्रशिक्षण का निरीक्षण किया जा रहा है तथा विशेष परिस्थितियों से संबंधित प्रश्नों का समाधान किया जा रहा है। सदर तहसील में प्रतिदिन 500 प्रशिक्षुओं को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस अवसर पर तहसीलदार सदर शिव प्रकाश, पल्हनी बीईओ दिनेश कुमार वर्मा, शिशिर यादव,जितेंद्र कुमार यादव, अरविंद कुमार मौर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






