TV 20 NEWS || AZAMGARH : जनगणना से जन कल्याण : आजमगढ़ में स्व-गणना रथ अभियान ने पार किया 1 लाख 30 हजार परिवारों का आंकड़ा

आजमगढ़, 13 मई 2026/
जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान के तहत जनपद आजमगढ़ में “जनगणना से जन कल्याण” की अवधारणा को साकार करते हुए स्व-गणना रथ निरंतर नई ऊर्जा एवं गति के साथ आगे बढ़ रहा है। स्व-गणना रथ अभियान ने सातवें दिन तक एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए जनपद में 1 लाख 30 हजार से अधिक परिवारों तक अपनी पहुँच बना ली है। केवल सातवें दिन ही लगभग 20 हजार परिवारों द्वारा स्व-गणना की गई, जो नागरिकों की बढ़ती जागरूकता एवं सहभागिता का प्रतीक है।
स्व-गणना का यह रथ अपनी सतत एवं तीव्र गति से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता का संदेश पहुंचाते हुए नागरिकों को डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जनगणना दर्ज कराने के लिए प्रेरित कर रहा है। अभियान के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया जा रहा है कि वे स्व-गणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्वयं एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करें तथा राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण अभियान का सक्रिय हिस्सा बनें।

प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना तथा जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में समस्त अधिकारियों के पर्यवेक्षण तथा पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं उत्कृष्ट समन्वय से यह उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त हुई है।

स्व-गणना अभियान के अंतर्गत जनपद में निरंतर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विभिन्न विभागों के समन्वय से थीम आधारित दिवसों का आयोजन, कार्यालयों एवं संस्थानों में जागरूकता गतिविधियाँ, ग्राम एवं वार्ड स्तर तक जनसंपर्क अभियान, डिजिटल सहायता केंद्रों की स्थापना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता के माध्यम से अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

अभियान के तहत नागरिकों को यह भी बताया जा रहा है कि स्व-गणना प्रक्रिया सरल, सुरक्षित एवं सुविधाजनक है, जिसके माध्यम से लोग घर बैठे अपनी जनगणना स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे न केवल जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी होगी, बल्कि भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि स्व-गणना रथ की इस जनभागीदारी यात्रा में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें। यह अभियान केवल 21 मई 2026 तक संचालित रहेगा, अतः सभी नागरिक समय रहते स्व-गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी अवश्य दर्ज करें और विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।