TV 20 NEWS || AZAMGARH :स्व गणना अभियान के सातवें दिन “केंद्रीय सरकारी कार्यालय एवं वित्त” थीम पर चला विशेष जागरूकता अभियान
स्व गणना अभियान के सातवें दिन “केंद्रीय सरकारी कार्यालय एवं वित्त” थीम पर चला विशेष जागरूकता अभियान
14 मई को “शिक्षा दिवस” के रूप में मनाया जाएगा स्व गणना अभियान का आठवां दिन
आजमगढ़, 13 मई 2026/
जनगणना 2027 के अंतर्गत 07 मई से 21 मई 2026 तक संचालित स्व गणना अभियान प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन तथा जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह के पर्यवेक्षण में निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य को स्व गणना प्रक्रिया के प्रति जागरूक करते हुए अधिकाधिक नागरिक सहभागिता सुनिश्चित करना है, ताकि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाया जा सके।
स्व गणना अभियान के सातवें दिन को “केंद्रीय सरकारी कार्यालय एवं वित्त” थीम के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न बैंक, रेलवे कार्यालय, डाकघर, राजकोष, वित्तीय संस्थान एवं अन्य केंद्रीय कार्यालयों को लक्षित करते हुए विशेष जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
अभियान के अंतर्गत कार्यालय आधारित एसई (Self Enumeration) शिविरों का आयोजन किया गया, जहाँ कर्मचारियों एवं आमजन को स्व गणना प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की गई। विभिन्न संस्थागत प्रमुखों के साथ समन्वय स्थापित कर शाखाओं एवं कार्यालय परिसरों में आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) सामग्री का प्रदर्शन किया गया। बैंक एवं वित्तीय संस्थानों के काउंटरों पर आने वाले ग्राहकों को स्व गणना के लिए प्रेरित किया गया तथा कर्मचारी सुविधा डेस्क स्थापित कर लोगों को ऑनलाइन स्व गणना की प्रक्रिया समझाई गई।
रेलवे एवं बैंकिंग नेटवर्क के माध्यम से भी नागरिकों तक पहुंच बनाकर स्व गणना के प्रति जागरूकता फैलायी गई। अभियान के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन को बताया कि स्व गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज कर सकते हैं, जिससे जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल एवं प्रभावी बन सकेगी।
जनगणना विभाग द्वारा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार 14 मई 2026 को अभियान का आठवां दिन “शिक्षा दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर जनपद के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों को लक्षित करते हुए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
“शिक्षा दिवस” के अंतर्गत कैंपस-व्यापी स्व गणना सत्र आयोजित होंगे, जिसमें शिक्षकगण नोडल फैसिलिटेटर के रूप में कार्य करेंगे। कक्षाओं में घोषणाओं, छात्र-नेतृत्व वाली जागरूकता गतिविधियों, कंप्यूटर लैब सहायता केंद्रों तथा संस्थानों के माध्यम से अभिभावकों तक पहुँच कार्यक्रमों के जरिए स्व गणना अभियान को गति प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता से अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित स्व गणना अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा स्वयं एवं अपने परिवार की जानकारी स्व गणना पोर्टल पर दर्ज कर राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने में अपना योगदान दें।






