TV 20 NEWS || AZAMGARH : स्व गणना के नए क्षितिज पर ब्लैक पॉटरी नगरी आजमगढ़, बना प्रदेश में रोल मॉडल

आजमगढ़, 16 मई 2026।
जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित ऑनलाइन स्वगणना अभियान में जनपद आजमगढ़ ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम दर्ज करते हुए दो लाख से अधिक स्वगणना पूर्ण कर प्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। स्वगणना अभियान की इस उल्लेखनीय सफलता के साथ आजमगढ़ उत्तर प्रदेश में रोल मॉडल के रूप में उभरकर सामने आया है।

प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना तथा जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि/रा) गंभीर सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में, समस्त वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण तथा संपूर्ण टीम के सामूहिक प्रयास, उत्कृष्ट समन्वय एवं अथक परिश्रम से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है।

16 मई की देर शाम तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जनपद आजमगढ़ लगभग 2 लाख 5 हजार स्वगणना के साथ लगातार तीसरे दिन भी प्रदेश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। वहीं स्वगणना अभियान में बरेली 1 लाख 75 हजार के साथ द्वितीय, मुरादाबाद 1 लाख 66 हजार के साथ तृतीय, शाहजहांपुर 1 लाख 65 हजार के साथ चतुर्थ तथा सोनभद्र 1 लाख 53 हजार स्वगणना के साथ पंचम स्थान पर अग्रसर हैं।

जनपद आजमगढ़ में पहली स्वगणना से लेकर दो लाख स्वगणना तक की यह यात्रा जनभागीदारी, प्रशासनिक प्रतिबद्धता, समर्पण एवं टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह उपलब्धि न केवल प्रशासनिक दक्षता को प्रदर्शित करती है, बल्कि डिजिटल भारत की दिशा में जनपदवासियों की सक्रिय सहभागिता को भी दर्शाती है।

स्वगणना अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रगणकों, सुपरवाइजरों, स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों एवं समस्त जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं।

जनपद प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन स्वगणना कर इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा नए भारत की डिजिटल जनगणना को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
स्वगणना पोर्टल:
se.census.gov.in⁠�
“हमारी जनगणना, हमारा विकास”