TV 20 NEWS ||AZAMGARH , .प्रधानमंत्री के अपील का असर: ई-रिक्शे से कलेक्ट्रेट पहुंचे डीएम रविंद्र कुमार, जनता दर्शन में की जनसुनवाई

वर्तमान परिदृश्य में सरकारी संसाधनों के मितव्ययी उपयोग एवं सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में जिलाधिकारी की सराहनीय पहल

आजमगढ़, 18 मई 2026/
मा.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन के अधिकाधिक उपयोग की अपील की गई है। प्रधानमंत्री के इस आह्वान का सकारात्मक प्रभाव अब प्रशासनिक व्यवस्था में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।
इसी क्रम में आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने एक प्रेरणादायी पहल करते हुए शासकीय वाहन का उपयोग न कर ई-रिक्शा से कलेक्ट्रेट पहुंचकर सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने तथा सरकारी संसाधनों के मितव्ययी उपयोग का संदेश दिया।

सोमवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार अपने सहायक के साथ ई-रिक्शा से कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट पहुंचने के उपरांत उन्होंने नियमित रूप से आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी की इस पहल को आमजन एवं कर्मचारियों द्वारा सराहनीय कदम माना जा रहा है। यह पहल न केवल ईंधन संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश देती है, बल्कि सरकारी व्यय में मितव्ययिता एवं जिम्मेदार प्रशासनिक कार्यशैली का भी उदाहरण प्रस्तुत करती है।

उल्लेखनीय है कि वैश्विक परिदृश्य में युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सार्वजनिक परिवहन के अधिक प्रयोग तथा अनावश्यक विदेशी हवाई यात्राओं से बचने का अहवान किया है।

उत्तर प्रदेश के मा.मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर सादगी एवं मितव्ययिता का संदेश दिया गया है। प्रदेश के अनेक मंत्री एवं अधिकारी भी समय-समय पर नवाचार एवं जनहितकारी पहल कर रहे हैं।

इसी क्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वारा ई-रिक्शा से कार्यालय पहुंचना प्रशासनिक सादगी, अनुशासन एवं जनसंदेश का प्रभावी उदाहरण माना जा रहा है। निश्चित रूप से उनकी यह पहल जनपद के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सार्वजनिक परिवहन अपनाने तथा ऊर्जा संरक्षण के प्रति प्रेरित करेगी।