आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के बातन गांव निवासी राम प्रसाद पुत्र भगवती ने एसडीएम सगड़ी को प्रार्थना पत्र देकर राजस्व कर्मियों व कुछ लोगों पर मिलीभगत कर जमीन पर जबरन कब्जा कराने का आरोप लगाया है।
पीड़ित का कहना है कि दान पत्र से संबंधित मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। यह वाद सिविल जज जूनियर डिवीजन कोर्ट संख्या-25 में लंबित है, जिसकी अगली सुनवाई 23 जुलाई 2026 निर्धारित है। आरोप है कि मामले में अभी तक कोई सरकारी सीमांकन या विभाजन नहीं किया गया है, इसके बावजूद राजस्व निरीक्षक और लेखपाल द्वारा कथित रूप से विपक्षियों के पक्ष में कार्रवाई की जा रही है।
राम प्रसाद ने आरोप लगाया कि रणधीर व उसकी पत्नी हीरा देवी ने राजस्व कर्मियों और पुलिस से मिलीभगत कर उनके हिस्से की जमीन पर जबरन खूंटा व पिलर लगवाने का प्रयास किया। पीड़ित के अनुसार, इस संबंध में उन्होंने 25 मार्च 2026 को भी शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद जबरन पैमाइश कराई गई, जो न्यायालय की अवमानना के समान है। पीड़ित ने एसडीएम से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी राजस्व कर्मियों व संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।
साथ ही उन्होंने विवादित भूमि पर बिना सरकारी सीमांकन किसी भी प्रकार की कार्रवाई पर रोक लगाने तथा मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।






