TV 20 NEWS ||AZAMGARH :100 दिवसीय सघन टीबी अभियान में आजमगढ़ को बड़ी सफलता, अब तक 1224 टीबी मरीज चिन्हित

आजमगढ़ 23 मई 2026

मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ एन.आर. वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में विगत 24 मार्च से 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत आशा कार्यकर्ताओं, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर जाकर संभावित टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में विशेष रूप से 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों, पिछले पांच वर्षों में टीबी का उपचार ले चुके मरीजों, टीबी रोगियों के संपर्क में रहने वाले व्यक्तियों, धूम्रपान एवं शराब सेवन करने वालों, एचआईवी संक्रमित तथा कुपोषण से ग्रसित लोगों की निशुल्क जांच की जा रही है।
सीएमओ डाॅ वर्मा ने कहा कि अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन चार मोबाइल टीमें गांवों में छह-छह कैंप लगाकर लोगों की जांच कर रही हैं। कैंप में आने वाले व्यक्तियों की हीमोग्लोबिन, शुगर, एचआईवी तथा टीबी की जांच निःशुल्क की जा रही है। प्रत्येक टीम में डॉक्टर, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन तथा एक्स-रे तकनीशियन तैनात हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान में अत्याधुनिक हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन का भी उपयोग किया जा रहा है, जो वजन में हल्की होने के साथ गांव-गांव तक आसानी से पहुंचाई जा सकती है। मशीन से प्राप्त एक्स-रे रिपोर्ट का एआई सॉफ्टवेयर की सहायता से विश्लेषण कर संभावित टीबी मरीजों की पहचान की जा रही है। टीबी की पुष्टि होने पर मरीजों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान अब तक कुल 96,221 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग/इनरोलमेंट किया जा चुका है। इनमें से 86,395 व्यक्तियों का एक्स-रे किया गया, जबकि 2,186 लोगों की नोट जांच कराई गई। अभियान के दौरान अब तक 1,224 टीबी मरीजों की पहचान कर उनका उपचार प्रारंभ कराया जा चुका है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डाॅ वी.पी. सिंह ने बताया कि टीबी पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है, बशर्ते मरीज समय पर जांच कराकर नियमित रूप से दवाओं का सेवन करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों की निगरानी एवं उपचार की सतत व्यवस्था की जा रही है, जिससे टीबी मुक्त जनपद के लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त किया जा सके।
डाॅ एन.आर. वर्मा ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि लगातार खांसी, वजन कम होना, बुखार या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। समय पर जांच और उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक की जा सकती है।