TV20 NEWS ||AZAMGARH : वृद्धाश्रम अम्बरपुर फरिहा, जनपद आजमगढ़ में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर का किया गया आयोजन

आजमगढ़ 25 मई /
माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में गोविन्द संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम अम्बरपुर फरिहा, जनपद आजमगढ़ में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। वृद्धाश्रम में 89 वृद्ध रह रहे है, जिनमें से 49 पुरूष तथा 40 महिला वृद्ध है।

शिविर को सम्बोधित करते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिका राजन द्वारा बताया गया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, संरक्षण अधिनियमों, सरकारी योजनाओं और विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी देना एवं “वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा समाज की नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है”। वरिष्ठ नागरिक संरक्षण और कल्याण अधिनियम, 2007 सहित अन्य महत्वपूर्ण विधिक प्रावधानों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि वरिष्ठ नागरिक अपने बच्चों या उत्तराधिकारियों से भरण पोषण प्राप्त करने के हकदार है।

सचिव द्वारा वृद्धजनों को सम्बोधित करते हुए बताया गया कि “वरिष्ठजनों को उनके अधिकारों की जानकारी देकर उन्हें शोषण व उपेक्षा से बचाना इस कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।” हर वृद्ध व्यक्ति को सम्मान सुरक्षा एवं गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार है। परिवार एवं समाज का दायित्व है कि उनके साथ दुर्व्यवहार न हो। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित सेवाओं और जन-जागरूकता अभियानों की विस्तृत जानकारी दी गयी।

इस अवसर पर चिकित्सा विभाग द्वारा मेडिकल कैम्प लगाकर वृद्धजनों को दवा वितरित की गयी, जिसमें बी०पी०, शुगर, बुखार, खाँसी इत्यादि की दवा दी गयी।

इस अवसर पर वृद्धाश्रम के प्रबन्धक श्याम पाण्डेय, प्रवीण कुमार सिंह, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल, संस्था के पदाधिकारीगण व कर्मचारीगण, पराविधिक स्वयं सेवक उपस्थित रहे।