*ई-संजीवनी सेवा में आजमगढ़ ने राज्य औसत को पछाड़ा प्रतिदिन 4.8 परामर्श औसत के साथ जनपद का उत्कृष्ट प्रदर्शन, राज्य औसत 4.7 से बेहतर*
*ई-संजीवनी सेवा में आजमगढ़ ने राज्य औसत को पछाड़ा प्रतिदिन 4.8 परामर्श औसत के साथ जनपद का उत्कृष्ट प्रदर्शन, राज्य औसत 4.7 से बेहतर*
*तहबरपुर,मिर्जापुर, तरवां,मेहनगर एवं हरैया ब्लॉक को सीएमओ की शाबाशी महाराजगंज,कोयलसा सठियांव एवं फूलपुर के कम प्रदर्शन पर सुधार के निर्देश*
आजमगढ़ 3 जून 2026
जनपद आजमगढ़ में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार हेतु संचालित ई-संजीवनी सेवा के अंतर्गत माह मई में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की गई है। जनपद की विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों द्वारा कुल 54,208 ऑनलाइन परामर्श प्रदान किए गए। जनपद का प्रतिदिन औसत प्रदर्शन 4.8 परामर्श प्रति स्वास्थ्य इकाई रहा, जो कि राज्य औसत 4.7 से अधिक है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद के स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत और समर्पण के कारण आजमगढ़ ने राज्य औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि ई-संजीवनी सेवा ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को उनके निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रही है।
समीक्षा के दौरान तहबरपुर, मिर्जापुर, तरवां, मेहनगर, हरैया, जहानागंज एवं बिलरियागंज ब्लॉकों का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय पाया गया। इन ब्लॉकों की अनेक स्वास्थ्य इकाइयों ने निर्धारित मानकों से बेहतर कार्य करते हुए जनपद की उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), एएनएम एवं स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
माह मई में चिकित्सकों द्वारा संचालित एमओ ई-संजीवनी सेवा के माध्यम से भी जनपद में उत्कृष्ट कार्य किया गया। इस अवधि में कुल 49,751 टेली-परामर्श प्रदान किए गए। सीएचसी तहबरपुर के डॉ. हृदय सिंह ने 2,421 परामर्श देकर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त पीएचसी मिर्जापुर के डॉ. प्रवीण चौधरी तथा जीएमसी आजमगढ़ के डॉ. रणविजय प्रताप सिंह ने क्रमशः 2,327 एवं 2,280 परामर्श प्रदान कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने समीक्षा के दौरान पाया कि महाराजगंज, कोयलसा, सठियांव एवं फूलपुर ब्लॉक की कुछ स्वास्थ्य इकाइयों का प्रदर्शन जनपद औसत से कम रहा है। इस पर उन्होंने संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि ई-संजीवनी सेवा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है तथा इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
डॉ. वर्मा ने निर्देश दिए कि कम प्रदर्शन करने वाली इकाइयों में प्रतिदिन की मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, लाभार्थियों को सेवा के प्रति जागरूक किया जाए तथा आगामी माह में प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार लाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी समीक्षा में भी अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जनपद की टीम राज्य औसत से बेहतर प्रदर्शन कर रही है और सामूहिक प्रयासों से आगामी माह में इस उपलब्धि को और ऊंचाई तक पहुंचाया जाएगा।






