*TV 20 NEWS || AZAMGARH:अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व संध्या पर आयुष विभाग द्वारा निकाली गई योग जागरूकता रैली*
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व संध्या पर आयुष विभाग द्वारा निकाली गई योग जागरूकता रैली
योग सप्ताह के छठवें दिन महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में कुमारी,गर्भवती,कामकाजी एवं प्रौढ़ महिलाओं हेतु आयोजित हुए विशेष योग कार्यक्रम
आजमगढ़, 20 जून 2026।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में आयोजित योग सप्ताह का सफल संचालन जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। योग सप्ताह के अंतर्गत जनपदीय कार्यक्रम महर्षि चंद्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी एवं सठियांव के मोहबतपुर स्थित अमृत सरोवर पार्क सहित जनपद की समस्त तहसीलों, विकास खण्डों, नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर विविध योग कार्यक्रम आयोजित हैं।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम आधारित योग जागरूकता रैली को
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राजेश कुमार यादव, नोडल आयुष डॉ. श्याम सुंदर नीरज द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में योग अपनाएं -स्वस्थ रहें, सशक्त रहे, समृद्ध उत्तर प्रदेश -आजमगढ़ बनाएं। योग से निरोगी काया, योग से खुशहाल माया । हर घर योग, हर दिन योग। योग है अपनाना, स्वास्थ्य है पाना। योग को जन आंदोलन बनाएं ,स्वस्थ और समृद्ध उत्तर प्रदेश -आजमगढ़ बनाएं, की गूंज से जनमानस को जागरूक किया गया।
योग सप्ताह के छठवें दिन 20 जून को निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में कुमारी, गर्भवती, कामकाजी एवं प्रौढ़ महिलाओं हेतु विशेष योग कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमे सभी संबंधित ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, तनाव प्रबंधन एवं आध्यात्मिक उन्नयन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के लाभों से भी अवगत कराया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह के माध्यम से जन-जन तक योग का संदेश पहुंचाया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर निरोग एवं स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।
जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर योग को जन-आंदोलन बनाने में अपना योगदान दें।
योग सप्ताह के दौरान जनपदभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से स्वास्थ्य, जागरूकता एवं जनसहभागिता का वातावरण निर्मित हो रहा है तथा योग के प्रति लोगों में निरंतर उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राजेश कुमार यादव, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह, नोडल आयुष डॉ. श्याम सुंदर नीरज तथा डॉ. समीर गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे रहे।






