महिलाओं के समग्र उन्नयन हेतु अग्रसर है योगी सरकार : बबीता सिंह चौहान प्रदेश सरकार बालिकाओं,महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर दे रही है विशेष बल

महिलाओं के समग्र उन्नयन हेतु अग्रसर है योगी सरकार : बबीता सिंह चौहान

प्रदेश सरकार बालिकाओं,महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर दे रही है विशेष बल

महिला जनसुनवाई में 20 से अधिक शिकायतों का त्वरित निस्तारण, जिला महिला चिकित्सालय एवं जिला कारागार का किया निरीक्षण

‘‘हम वहां तक पहुंचे, जो हम तक नहीं पहुंच पा रहा है’’ : अध्यक्ष राज्य महिला आयोग

14 से 15 आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु निःशुल्क एचपीवी टीका लगाया जा रहा है- अध्यक्ष राज्य महिला आयोग

आजमगढ़, 24 जून 2026।

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय अध्यक्ष श्रीमती बबीता सिंह चौहान ने बुधवार को अपने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण, बालिका सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा महिला कल्याण योजनाओं की जमीनी स्थिति का व्यापक निरीक्षण एवं समीक्षा की। उन्होंने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया, सर्किट हाउस में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित की तथा जिला कारागार पहुंचकर महिला बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा 20 छात्र-छात्राओं को टैबलेट भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में अध्यक्ष ने जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर गोद भराई, अन्नप्राशन एवं कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं नवजात शिशुओं को पोषण पोटली वितरित करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य समाज के भविष्य को सुदृढ़ बनाने का आधार है।

इसके उपरांत सर्किट हाउस में आयोजित महिला जनसुनवाई में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई 20 से अधिक महिलाओं ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत कीं। अध्यक्ष ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान तहसील निजामाबाद की दिव्यांग महिला सुषमा सिंह ने आवास एवं शौचालय की मांग रखी, जिस पर अध्यक्ष ने उपजिलाधिकारी निजामाबाद को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्रता के आधार पर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अध्यक्ष ने कहा कि राज्य महिला आयोग का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि महिलाओं को न्याय, सुरक्षा एवं सम्मान दिलाना भी है। उन्होंने कहा कि आयोग महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

समीक्षा बैठक के दौरान अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा एवं स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्राप्त होंगे, तभी परिवार, समाज और प्रदेश का सर्वांगीण विकास संभव हो सकेगा।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु निःशुल्क एचपीवी टीका लगाया जा रहा है। यह टीकाकरण बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, इसलिए अभिभावक इसका अधिकाधिक लाभ उठाएं।

बैठक के दौरान अध्यक्ष ने जनपद में बालिकाओं की गुमशुदगी के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह को निर्देशित किया कि बालिकाओं एवं अभिभावकों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा गुमशुदा बालिकाओं की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है।

अध्यक्ष ने महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने आईसीडीएस विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति, मातृ वंदना योजना, पोषण कार्यक्रमों तथा लाभार्थियों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। माध्यमिक शिक्षा विभाग से छात्रावासों की स्थिति, उत्कृष्ट बालिकाओं को दिए जाने वाले पुरस्कार एवं शैक्षिक उपलब्धियों की समीक्षा की गई।

दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की समीक्षा के दौरान विवाह प्रोत्साहन योजना, सहायक उपकरण वितरण एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। अल्पसंख्यक विभाग से छात्रवृत्ति योजनाओं तथा स्वास्थ्य विभाग से मातृ-शिशु परिवार कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।

बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं की शिक्षा, भोजन, स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी गम्भीर सिंह ने अवगत कराया कि प्रशासन द्वारा बाल श्रम उन्मूलन के क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई करते हुए 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जा रहा है तथा उन्हें सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। अध्यक्ष ने इस कार्य की सराहना करते हुए इसे और प्रभावी बनाने पर बल दिया।

जिला पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में महिला एवं पुरुष सामुदायिक शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं महिलाओं की गरिमा को बढ़ावा मिले।

कौशल विकास मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न ट्रेडों में अधिकाधिक महिलाओं का प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर महिला ही परिवार और समाज को सशक्त बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाती है।

इस अवसर पर अध्यक्ष ने कहा, “हम वहां तक पहुंचे, जो हम तक नहीं पहुंच पा रहा है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अंतिम पंक्ति में खड़ी महिलाओं एवं बालिकाओं तक उनका लाभ पहुंचाया जाए।

महिला कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 20 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं एवं कैरियर लक्ष्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें परिश्रम, अनुशासन एवं शिक्षा के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

भ्रमण कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष ने जिला कारागार का निरीक्षण कर महिला बंदियों से संवाद किया तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा एवं पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी गम्भीर सिंह, एसडीएम न्यायिक प्रशांत कुमार, सीओ आस्था जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध सिंह, महिला थानाध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं महिला कल्याण विभाग की विभिन्न इकाइयों के प्रभारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।