*TV 20 NEWS || AZAMGARH : 22 जुलाई को उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्य, डॉ0 प्रियंका मौर्या की अध्यक्षता में आयोजित होगा महिला जनसुनवाई*

22 जुलाई को उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्य, डॉ0 प्रियंका मौर्या की अध्यक्षता में आयोजित होगा महिला जनसुनवाई

आजमगढ़ 19 जुलाई, 2026/
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के निर्देशानुसार जनपद आजमगढ़ में दिनांक 22 जुलाई, 2026 को महिलाओं से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं महिला उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य डॉ0 प्रियंका मौर्या द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, महिला थाना, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई कर उनके त्वरित निस्तारण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

इसके साथ ही महिलाओं के हितार्थ संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, जैसे महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल सेवा योजना सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। पात्र लाभार्थियों का आवश्यकतानुसार पंजीकरण एवं आवेदन संबंधी कार्यवाही भी कराई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान महिला उत्पीड़न से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा, जागरूकता गतिविधियों का आयोजन तथा महिलाओं को उनके अधिकारों एवं शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा। 22 जुलाई को आयोजित होने वाली महिला जनसुनवाई में जनपद की महिलाएं अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर अपनी समस्याओं का निराकरण करायें।