*TV 20 NEWS || AZAMGARH:जनपद आजमगढ़ में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (ग्रामीण) हेतु तहसील मेहनगर के प्रशिक्षण का आयोजन*

*जनपद आजमगढ़ में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (ग्रामीण) हेतु तहसील मेहनगर के प्रशिक्षण का आयोजन*

आजमगढ़ 20 जुलाई 2026/

जनपद आजमगढ़ स्थित हरिऔध कला केंद्र में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (ग्रामीण) – तहसील मेहनगर के संकलन एवं डेटा प्रविष्टि कार्य हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में तहसील मेहनगर के चार्ज अधिकारी (तहसीलदार), नायब तहसीलदार, जनगणना बाबू, तकनीकी सहायक सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण नए विषयों एवं कार्यप्रणाली को सीखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमें जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी सहभागिता निभाने का अवसर प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि जनगणना देश की भावी विकास योजनाओं, नीति-निर्माण तथा संसाधनों के समुचित वितरण का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता, तन्मयता एवं समर्पण के साथ ग्रहण करें तथा जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (ग्रामीण) के संकलन एवं डेटा प्रविष्टि का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित करें।

प्रशिक्षण का संचालन एवं तकनीकी मार्गदर्शन जनगणना निदेशालय द्वारा नामित जनपद प्रभारी के माध्यम से किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (ग्रामीण) से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों, उनके सही संधारण, डेटा संकलन एवं डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव से संबंधित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कार्य के सफल, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।