*TV 20 NEWS || LUCKNOW:युवक-युवतियों एवं किसानों को खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में कौशलयुक्त बनाकर आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का विशेष जोर : केशव प्रसाद मौर्य*

प्रेस विज्ञप्ति

– युवक-युवतियों एवं किसानों को खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में कौशलयुक्त बनाकर आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का विशेष जोर : केशव प्रसाद मौर्य

– राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केन्द्रों एवं सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केन्द्रों पर गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश

– प्रशिक्षण प्राप्त युवा स्वयं की फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर बढ़ा सकेंगे आय, अनुदान एवं अन्य सरकारी सुविधाओं का मिलेगा लाभ

लखनऊ, 19 जुलाई 2026।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने खाद्य प्रसंस्करण विभाग के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के युवक-युवतियों एवं कृषकों को खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में अधिकाधिक प्रशिक्षित कर उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र रोजगार सृजन, किसानों की आय में वृद्धि तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन पूरी गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए।

उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य के निर्देश कि खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थापित राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केन्द्रों एवं सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केन्द्रों के माध्यम से युवाओं एवं किसानों को खाद्य प्रसंस्करण की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम समय से पूर्ण कराए जाएं तथा इच्छुक नवयुवकों, नवयुवतियों एवं किसानों तक इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचाई जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

श्री मौर्य जी ने अधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि प्रशिक्षणार्थियों को व्यावहारिक एवं आधुनिक तकनीकी ज्ञान उपलब्ध कराया जाए। प्रशिक्षण अवधि के दौरान नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनी रहे। साथ ही प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं को स्वरोजगार, उद्यम स्थापना एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।

उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत प्रशिक्षार्थी फूड प्रोसेसिंग का कार्य कर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकेंगे। प्रशिक्षित युवक-युवतियां एवं किसान अपनी स्वयं की फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले अनुदान, वित्तीय सहायता तथा अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन भी होगा। खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा आगरा, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, कानपुर, झांसी, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या एवं गोरखपुर स्थित राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केन्द्रों के प्रधानाचार्यों तथा मिर्जापुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, सहारनपुर एवं चित्रकूटधाम के खाद्य प्रसंस्करण अधिकारियों एवं लखनऊ के फल संरक्षण अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित रोस्टर एवं लक्ष्यों के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराएं तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।

विभाग द्वारा बेकरी एवं कन्फेक्शनरी तथा कुकरी (पाक-कला) में एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त बेकरी एवं कन्फेक्शनरी तथा कुकरी (पाक-कला) में एक माह के अंशकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाते हैं। वहीं, मंडल एवं जनपद स्तर पर स्थापित राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केन्द्रों पर खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं एवं किसानों को कौशल विकास से जोड़ना है।

उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने विश्वास व्यक्त किया कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होने से प्रदेश में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की संख्या बढ़ेगी, किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य मिलेगा तथा आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के संकल्प को नई गति प्राप्त होगी।