*TV 20 NEWS || AZAMGARH : बीबीएयू के कुलपति पर शैक्षणिक परिषद के निर्णय की अनदेखी का आरोप, राष्ट्रपति से शिकायत*

बीबीएयू के कुलपति पर शैक्षणिक परिषद के निर्णय की अनदेखी का आरोप, राष्ट्रपति से शिकायत
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के पाँच वर्षीय इंटीग्रेटेड बी.एससी.-एम.एससी. (बेसिक साइंस) पाठ्यक्रम के संचालन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। डॉ. देवेश कुमार ने राष्ट्रपति एवं विश्वविद्यालय की विज़िटर द्रौपदी मुर्मू को भेजी शिकायत में आरोप लगाया है कि कुलपति द्वारा विश्वविद्यालय की 78वीं शैक्षणिक परिषद के निर्णय की अनदेखी की जा रही है।
शिकायत के अनुसार, परिषद ने पाठ्यक्रम को School of Physical and Decision Sciences (SPDS) के अंतर्गत संचालित करने का निर्णय लिया था, लेकिन इसके बावजूद परीक्षा परिणाम, वित्तीय कार्य और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएँ School of Earth and Environmental Sciences (SEES) के माध्यम से कराई गईं। इससे विद्यार्थियों की डिग्री की वैधता और भविष्य पर प्रश्नचिह्न खड़ा होने की बात कही गई है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जुलाई 2025 में अतिथि शिक्षकों का चयन भौतिकी विभागाध्यक्ष की सहभागिता के बिना किया गया तथा विश्वविद्यालय के यूजी प्रॉस्पेक्टस 2026-27 में भी भ्रामक जानकारी प्रकाशित की गई है। डॉ. देवेश कुमार ने राष्ट्रपति से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई तथा विद्यार्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।






