*TV 20 NEWS || LUCKNOW:प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होगी ‘ग्राम चौपाल’ : उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य*
प्रेस विज्ञप्ति
• प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होगी ‘ग्राम चौपाल’ : उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य
• जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद बनेगा ग्राम चौपाल का उद्देश्य, ग्रामीण समस्याओं का होगा त्वरित एवं प्रभावी समाधान
• डबल इंजन सरकार गांव-गांव तक सुशासन और जनसेवा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध
श्री केशव प्रसाद मौर्य जी, उप मुख्यमंत्री
लखनऊ। दिनांक 21.07.2026, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज ग्राम्य विकास विभाग के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से ‘ग्राम चौपाल’ आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी मंच बनेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा। ग्राम चौपाल में प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी विषय का तत्काल निस्तारण संभव न हो तो उसके लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर संबंधित अधिकारी उसकी नियमित निगरानी करें तथा शिकायतकर्ता को प्रगति की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सुशासन एवं जनसेवा के संकल्प के अनुरूप सरकार गांव के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और नागरिकों को सुखमय एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से ग्राम चौपाल को जनसमस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम बनाया जा रहा है।
श्री मौर्य ने कहा कि ग्राम चौपाल केवल एक औपचारिक बैठक नहीं है, बल्कि यह जवाबदेह, पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन की पहचान है। इसका उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को उनकी सामान्य समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय अथवा लखनऊ तक आने की आवश्यकता समाप्त करना है। शासन की मंशा है कि लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही उपलब्ध हो और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े। उन्हों ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाली ग्राम चौपाल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपनी समस्याएं, सुझाव एवं आवश्यकताएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रशासन गांवों तक पहुंचे और जनता को त्वरित, सरल एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराए।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि ग्राम चौपाल के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही पेयजल, सड़क, आवास, स्वच्छता, मनरेगा, आजीविका, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, महिला सशक्तिकरण, कृषि एवं अन्य विकास कार्यों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य गांवों में सुशासन, विकास और जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ करना है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में नियमित ग्राम चौपाल आयोजित होने से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास बढ़ेगा, समस्याओं का समयबद्ध समाधान होगा तथा ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की संतुष्टि ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी भावना के साथ ग्राम चौपाल की व्यवस्था को पूरे प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।






