*TV 20 NEWS || PRYAGRAJ:जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी – केशव प्रसाद मौर्य*

प्रेस विज्ञप्ति

• *जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी – केशव प्रसाद मौर्य*

• *जनता दर्शन में सड़क, नाली, पेयजल, चक पैमाइश, छात्रवृत्ति एवं पेंशन संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश*

• *भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन, विकास एवं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर किया संवाद, विपक्ष पर बोला तीखा हमला*

*प्रयागराज, दिनांक 27 जुलाई, 2026,* उत्तर प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने आज प्रयागराज प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान सड़क, नाली, पेयजल, चक पैमाइश, छात्रवृत्ति, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, ईलाज हेतु आर्थिक मदद सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए।

*जनसमस्याओं पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश*
उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने सभी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन को सुशासन, पारदर्शिता एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। किसी भी पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ पाने में अनावश्यक विलंब अथवा किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए।

*संगठन व विकास कार्यों पर मंथन*
जनता दर्शन के उपरांत माननीय उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने माननीय जनप्रतिनिधियों, भारतीय जनता पार्टी के सम्मानित पदाधिकारियों एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं से भेंट कर स्थानीय विकास, संगठनात्मक गतिविधियों तथा जनहित के विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने तथा जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से रखने का कार्य करें।

*विपक्ष पर बोला तीखा हमला*
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने विपक्ष पर भी तीखा राजनीतिक प्रहार करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति करती है, जबकि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने और नकारात्मक राजनीति करने में लगा हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का पूरी तरह से सूपड़ा साफ हो जाएगा, क्योंकि प्रदेश की जनता विकास, सुरक्षा और सुशासन के पक्ष में अपना समर्थन लगातार भारतीय जनता पार्टी को दे रही है।

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि संसद देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है, जहाँ जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए। किंतु राहुल गांधी एवं उनके सहयोगी संसद की कार्यवाही को बाधित कर जनता के धन की बर्बादी कराते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ बहस और रचनात्मक विपक्ष आवश्यक है, लेकिन संसद को बाधित करना जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है।

*इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे,*
कार्यक्रम के दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री संजय गुप्ता जी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान जी, माननीय विधायक एवं उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती पूजा पाल जी, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुरेश मौर्य जी, माननीय जनप्रतिनिधिगण, भाजपा के सम्मानित पदाधिकारीगण, देवतुल्य कार्यकर्ता तथा अन्य प्रतिष्ठितजन गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।

जारीकर्ता सूचनाधिकारी, उपमुख्‍यमंत्री