*TV 20 NEWS || AZAMGARH:यूपी पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले; तरुण गाबा बने लखनऊ पुलिस कमिश्नर*
यूपी पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले; तरुण गाबा बने लखनऊ पुलिस कमिश्नर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां और अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं।
नई तैनाती के तहत अमरेंद्र कुमार सेंगर को डीजी अभिसूचना बनाया गया है। साथ ही उन्हें डीजी सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है, जबकि पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी दी गई है।
मुथा अशोक जैन को डीजी अग्निशमन एवं आपात सेवाएं बनाया गया है। वहीं राम कुमार को एडीजी गोरखपुर जोन और नवीन अरोरा को एडीजी वाराणसी जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भगवान स्वरूप श्रीवास्तव को एडीजी तकनीकी सेवाएं नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा धर्मवीर को आईजी पीएसी पूर्वी जोन प्रयागराज, मोहित गुप्ता को आईजी भ्रष्टाचार निवारण संगठन, विनोद कुमार सिंह को आईजी विशेष जांच, जोगेंद्र कुमार को आईजी पीटीएस मुरादाबाद तथा आनंद सुरेशराव कुलकर्णी को सचिव (गृह) बनाया गया है।
प्रदेश सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।






