*TV 20 NEWS || AZAMGARH:डीएम ने छात्राओं को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली, आजमगढ़ में शुरू हुआ राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान*

डीएम ने छात्राओं को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली, आजमगढ़ में शुरू हुआ राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान

सभी 22 विकासखंडों में 23.19 लाख बच्चों को दी जाएगी कृमिनाशक दवा

आजमगढ़ 10 अगस्त 2026/

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स द्वारा जिलाधिकारी को सलामी एवं मार्चपास्ट के साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने तथा छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों के स्वागत से हुई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ भविष्य के लिए कृमि संक्रमण से बचाव बेहद जरूरी है। पेट के कीड़े बच्चों के शरीर में पोषक तत्वों को प्रभावित करते हैं, जिससे कमजोरी, खून की कमी तथा शारीरिक और बौद्धिक विकास पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के माध्यम से बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बाल विकास विभाग की टीमों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र बच्चा दवा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से भी अभियान में सहयोग की अपील की।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि जनपद के सभी 22 विकासखंडों में 01 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 23,19,973 बच्चों को एल्बेंडाजोल 400 एमजी की कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के लिए 4,280 आशा कार्यकत्री, 5,588 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 3079 राजकीय विद्यालयों तथा 3054 निजी विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण एवं विकास में सुधार सुनिश्चित करना है।
सीएमओ ने बताया कि 10 अगस्त को विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर दवा खिलाई जा रही है। जो बच्चे किसी कारणवश दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस के दौरान दवा खिलाई जाएगी।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय, डॉ. अब्दुल अजीज, डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेंद कुमार, डॉ. मोहनलाल, डिप्टी सीएमओ एवं एनडीडी नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश झा, जिला विद्यालय निरीक्षक, विद्यालय की प्रधानाचार्या रूबी खातून , ​जिला सूचना अधिकारी डाॅ पंकज कुमार , चंद्रजीत सिंह: रीजनल कोऑर्डिनेटर (एनीमिया मुक्त भारत) ,एबीएसए, सीडीपीओ, जिला समन्वयक एनडीडी प्रदीप मिश्रा सहित स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी आगंतुकों का स्वागत नोडल एनडीडी डिप्टी सीएमओ डॉ. अविनाश झा ने किया।