*TV 20 NEWS || AZAMGARH : स्वतंत्रता दिवस पर काकोरी स्तंभ पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, जे.पी.आई. ने लिया जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प*
*प्रेस विज्ञप्ति*
स्वतंत्रता दिवस पर काकोरी स्तंभ पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, जे.पी.आई. ने लिया जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया (जे.पी.आई.) एवं राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच (N.Y.R.M.) के संयुक्त तत्वावधान में काकोरी स्तंभ, जी.पी.ओ. पार्क, हजरतगंज, लखनऊ में गरिमापूर्ण ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज फहराकर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं महान स्वतंत्रता सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की गरिमा की रक्षा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जे.पी.आई. के राष्ट्रीय अध्यक्ष मा० शशांक शेखर सिंह ‘पुष्कर’ ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब देश के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान, समान अवसर, शिक्षा, रोजगार और विकास की पहुंच सुनिश्चित हो। आज आवश्यकता ऐसी राजनीति की है जो सत्ता के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा और व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन के लिए समर्पित हो।
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी परिवर्तनकारी शक्ति है। युवाओं को संगठित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना जे.पी.आई. की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि “जनसत्ता से जन सेवा” केवल एक नारा नहीं, बल्कि जनसरोकारों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है। “सत्ता परिवर्तन से व्यवस्था परिवर्तन” के संकल्प के साथ पार्टी सामाजिक न्याय, पारदर्शी व्यवस्था, रोजगार, शिक्षा और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी आज की पीढ़ी पर है। जाति, धर्म और संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थों से ऊपर उठकर एक न्यायपूर्ण, समतामूलक, मजबूत और विकसित भारत का निर्माण ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।






