*TV 20 NEWS || AZAMGARH : आजमगढ़ में बैडमिंटन अंपायरिंग की नई पहल,विशेष वर्कशॉप एवं सर्टिफिकेशन कोर्स का शुभारंभ*

आजमगढ़ में बैडमिंटन अंपायरिंग की नई पहल

विशेष वर्कशॉप एवं सर्टिफिकेशन कोर्स का शुभारंभ

आजमगढ़। बैडमिंटन के क्षेत्र में आजमगढ़ को नई पहचान दिलाने तथा जिले में प्रशिक्षित एवं दक्ष बैडमिंटन ऑफिशियल्स तैयार करने की दिशा में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, आजमगढ़ द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। एसोसिएशन के तत्वावधान में 15 एवं 16 अगस्त 2026 को लाइफ लाइन हॉस्पिटल, आजमगढ़ के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित दो दिवसीय बैडमिंटन अंपायरिंग वर्कशॉप-कम-सर्टिफिकेशन कोर्स का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन जनपद के ख्यातिलब्ध न्यूरो सर्जन डॉ. अनूप कुमार यादव एवं क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. गायत्री ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेलों के विकास के लिए खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षित एवं योग्य ऑफिशियल्स की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

विश्व स्तरीय अंपायरिंग का अनुभव रखने वाले एवं इस वर्कशॉप के कोर्स डायरेक्टर अजेंद्र राय के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को बैडमिंटन के आधिकारिक नियमों से लेकर कोर्ट पर वास्तविक परिस्थितियों में निर्णय लेने तक की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

वर्कशॉप में प्रतिभागियों को बैडमिंटन के आधिकारिक नियम, BWF एवं BAI के नियम व आचार संहिता, अंपायर, सर्विस जज एवं लाइन जज की जिम्मेदारियां, स्कोरिंग, मैच मैनेजमेंट तथा दबाव की स्थिति में सही निर्णय लेने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही विशेषज्ञों की निगरानी में प्रतिभागियों को कोर्ट पर व्यावहारिक अंपायरिंग का अनुभव भी कराया जा रहा है।

कोर्स के फैसिलिटेटर्स के रूप में राष्ट्रीय निर्णायक कुमार समर्थ तथा स्टेट निर्णायक सतेंद्र उपाध्याय, पवन कुमार पांडे एवं रिया सिंह प्रतिभागियों के समन्वय और आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

आयोजन को लेकर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में खासा उत्साह है। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. डी.पी. राय, सचिव डॉ. पीयूष कुमार सिंह तथा कोषाध्यक्ष रमाकांत वर्मा आयोजन की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, कोषाध्यक्ष मनीष रतन अग्रवाल, मंडलीय क्रीड़ा सचिव दिनेश सिंह, जिला बैडमिंटन संघ के कोषाध्यक्ष रमाकांत वर्मा तथा पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल की निदेशक डॉ. ज्योति सिंह सहित खेल जगत से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे जिले में खेल और विशेष रूप से बैडमिंटन के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

आयोजकों का कहना है कि बैडमिंटन में किसी खिलाड़ी की सफलता केवल उसके खेल कौशल पर निर्भर नहीं करती, बल्कि एक अच्छे और प्रशिक्षित ऑफिशियल की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। सही नियमों की जानकारी, सटीक निर्णय लेने का आत्मविश्वास और मैच संचालन की समझ किसी भी प्रतियोगिता को बेहतर एवं निष्पक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

वर्कशॉप के दौरान लिखित एवं प्रायोगिक मूल्यांकन भी कराया जाएगा तथा सफलतापूर्वक कोर्स पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।

जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की यह पहल केवल दो दिवसीय प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य जिले में बैडमिंटन के लिए एक मजबूत एवं प्रशिक्षित ऑफिशियल्स व्यवस्था तैयार करना है, ताकि स्थानीय एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के संचालन में गुणवत्ता आए और युवा खिलाड़ियों को खेल के तकनीकी एवं आधिकारिक पक्ष को समझने का बेहतर अवसर मिल सके।

जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, आजमगढ़ की इस पहल को जिले में बैडमिंटन के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि यह वर्कशॉप आजमगढ़ में नए अंपायर एवं ऑफिशियल्स तैयार करने के साथ-साथ जिले में बैडमिंटन को नई दिशा और नई ऊंचाई प्रदान करेगी।

इस कोर्स में मेजबान आजमगढ़ के साथ-साथ बनारस बलिया जौनपुर एवं गाज़ीपुर के भी पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों ने शिरकत कर वर्कशॉप की महत्ता सिद्द की l

यह जानकारी वर्कशॉप एवं सर्टिफिकेशन कोर्स के डायरेक्टर अजेंद्र राय ने दी।