*TV 20 NEWS || AZAMGARH :जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय मूसेपुर का किया औचक निरीक्षण*

जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय मूसेपुर का किया औचक निरीक्षण

मेस में छात्रों के बीच पहुंचकर परखी भोजन की गुणवत्ता, छात्रावास की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

विद्यार्थियों से संवाद कर उनके लक्ष्य जाने, मेहनत एवं ईमानदारी से पढ़ाई कर लक्ष्य प्राप्त करने के लिए किया प्रेरित

छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय को खेल मैदान आवंटित कर बैडमिंटन एवं वॉलीबाल कोर्ट सहित खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश

खेल मैदान उपलब्ध कराने तथा शीघ्र ही खेल सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल,छात्रों ने तालियां बजाकर डीएम, एसएसपी के प्रति व्यक्त किया आभार

आजमगढ़, 22 अगस्त 2026/
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीक, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, खेलकूद एवं भारतीय संस्कारों से जोड़ते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय गरीब एवं ग्रामीण परिवारों के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप इन विद्यालयों में विद्यार्थियों के बौद्धिक, शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास पर समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, मूसेपुर, आजमगढ़ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, साफ-सफाई तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने छात्रावास स्थित मेस में पहुंचकर भोजन कर रहे छात्रों के बीच बैठकर भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया। उन्होंने छात्रों से भोजन के स्वाद, गुणवत्ता तथा प्रतिदिन उपलब्ध कराए जाने वाले नाश्ते एवं भोजन के संबंध में जानकारी ली। छात्रों द्वारा भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में संतोष व्यक्त किया गया। अधिकारियों ने रसोईघर का निरीक्षण कर साफ-सफाई की स्थिति भी देखी तथा संबंधित संचालक को निर्देशित किया कि निर्धारित आहार मेन्यू के अनुसार ही प्रतिदिन नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने मेस में निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू का बैनर स्पष्ट रूप से चस्पा करने के निर्देश दिए, ताकि छात्रों को प्रत्येक दिन उपलब्ध होने वाले नाश्ते एवं भोजन की जानकारी रहे।

इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने छात्रावास की डारमेट्री में जाकर विश्राम कर रहे विद्यार्थियों से संवाद किया तथा पठन-पाठन, छात्रावास की सुविधाओं एवं उनकी रुचियों के बारे में जानकारी ली। कक्षा-7 के छात्र हिमांशु सरोज, कक्षा-6 के आशुतोष एवं कक्षा-8 के अनीस चौहान से दोनों अधिकारियों ने आत्मीयता से बातचीत करते हुए पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपने सपने साझा किए। किसी छात्र ने आईपीएस तो किसी ने आईएएस अधिकारी बनने की इच्छा व्यक्त की।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के साथ पढ़ाई करने से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। सरकार द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सर्वोदय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। विद्यार्थियों को इन सुविधाओं का पूरा सदुपयोग करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए, अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करना चाहिए तथा भविष्य में अपनी सेवाएं समाज एवं देश के विकास के लिए समर्पित करनी चाहिए

खेलकूद के लिए विद्यालय को मिला खेल मैदान

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलकूद के महत्व को देखते हुए विद्यालय के समीप स्थित भूमि को खेल मैदान के लिए विद्यालय को आवंटित किया। इसके साथ ही छात्रावास के निकट पराग दुग्ध कार्यालय परिसर में उपलब्ध रिक्त भूमि को भी घास कटवाकर वैकल्पिक खेल मैदान के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने दोनों खेल मैदानों पर बैडमिंटन कोर्ट एवं वॉलीबाल कोर्ट विकसित कराने के साथ ही क्रिकेट किट, वॉलीबाल, फुटबाल सहित अन्य आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। खेल मैदान उपलब्ध कराने तथा शीघ्र ही खेल सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। छात्रों ने तालियां बजाकर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए भी बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।