*TV 20 NEWS || AZAMGARH : जिलाधिकारी ने मिनी सचिवालय भदुली में फार्मर रजिस्ट्री कार्य का किया औचक निरीक्षण, शेष किसानों की रजिस्ट्री तत्काल पूर्ण कराने के दिए निर्देश*

जिलाधिकारी ने मिनी सचिवालय भदुली में फार्मर रजिस्ट्री कार्य का किया औचक निरीक्षण, शेष किसानों की रजिस्ट्री तत्काल पूर्ण कराने के दिए निर्देश

ग्रामीणों के साथ बैठक कर बिजली, हर घर जल, अवैध कब्जे एवं गौशाला सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की ली जानकारी

फार्मर रजिस्ट्री से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता एवं पारदर्शिता से दिलाने में मिलेगी मदद

फार्मर रजिस्ट्री संबंधी सहायता के लिए राजस्व विभाग-8299280073, 9454417172 एवं कृषि विभाग-05462298001, 9170791607 पर करें संपर्क

आजमगढ़, 22 अगस्त 2026/
जनपद में किसान फार्मर रजिस्ट्री (डिजिटल किसान आईडी) कार्य को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा लगातार स्थलीय निरीक्षण एवं समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने मिनी सचिवालय, ग्राम पंचायत भदुली, विकासखंड पल्हनी में संचालित फार्मर रजिस्ट्री कार्य का औचक निरीक्षण कर मौके पर कार्य की प्रगति का सत्यापन किया। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर गांव में शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं मूलभूत सुविधाओं की जमीनी हकीकत भी जानी।

निरीक्षण के दौरान उप निदेशक कृषि आशीष कुमार ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि ग्राम पंचायत भदुली में कुल 353 किसानों के सापेक्ष 299 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है, जबकि 54 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी शेष है। शेष किसानों में कुछ किसान दूसरे राज्यों में प्रवास करने के कारण उपलब्ध नहीं हैं, जबकि कुछ किसानों के नाम में मिसमैच सहित अन्य तकनीकी एवं अभिलेखीय समस्याओं के कारण फार्मर रजिस्ट्री लंबित है।

जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित एडीओ कृषि एवं लेखपाल को निर्देशित किया कि शेष सभी पात्र किसानों से संपर्क कर उनकी समस्याओं का यथासंभव समाधान कराया जाए। नाम में मिसमैच अथवा अन्य अभिलेखीय कमियों को तत्काल दूर कराते हुए फार्मर रजिस्ट्री का कार्य अविलंब पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र किसान की फार्मर रजिस्ट्री केवल छोटी तकनीकी अथवा अभिलेखीय समस्या के कारण लंबित नहीं रहनी चाहिए।

फार्मर रजिस्ट्री किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण- जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री (डिजिटल किसान आईडी) किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से किसान का भूमि एवं कृषि संबंधी विवरण डिजिटल रूप से दर्ज एवं सत्यापित होता है तथा भविष्य में विभिन्न कृषि योजनाओं एवं किसान हितैषी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होने से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक सुगम, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। इसके माध्यम से पीएम-किसान सम्मान निधि, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीद, फसल बीमा, कृषि ऋण, खाद-बीज एवं कृषि यंत्रों पर सब्सिडी जैसी सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया आसान होगी। कृषि संबंधी सेवाओं में किसान की पहचान एवं भूमि संबंधी विवरण के डिजिटल सत्यापन से अनावश्यक कागजी कार्यवाही को भी कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक पूर्ण नहीं हुई है, वे इसे अंतिम समय तक लंबित न रखें और जल्द से जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराएं।

ग्रामीणों के साथ बैठक कर जानी योजनाओं एवं मूलभूत सुविधाओं की हकीकत

फार्मर रजिस्ट्री कार्य के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने मिनी सचिवालय में ग्रामीणों के साथ आत्मीय बैठक की। उन्होंने ग्रामीणों से गांव में बिजली की उपलब्धता, हर घर जल योजना, सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे, गौशाला एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में सीधे जानकारी ली।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वर्ष 2012 में शासकीय योजना के अंतर्गत पेयजल पाइपलाइन बिछाकर जलापूर्ति की व्यवस्था की गई थी, लेकिन बाद में पेयजल की सप्लाई बंद हो गई। जिलाधिकारी ने इस प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त कर अद्यतन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों द्वारा बताई जा रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

किसान इन हेल्पलाइन नंबरों पर प्राप्त कर सकते हैं सहायता
कृषकों की सुविधा के लिए फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित जानकारी एवं सहायता प्राप्त करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा संपर्क नंबर जारी किए गए हैं। किसान इन नंबरों पर संपर्क कर फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया, लंबित प्रकरण अथवा किसी तकनीकी/अभिलेखीय समस्या के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
राजस्व विभाग: 8299280073, 9454417172
कृषि विभाग: 05462298001, 9170791607
कृषि विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि जिन किसानों ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है अथवा किसी कारणवश उनकी फार्मर रजिस्ट्री लंबित है, वे अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र, संबंधित कृषि/राजस्व विभाग के कार्मिक अथवा निर्धारित फार्मर रजिस्ट्री केंद्र पर संपर्क कर आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कराएं। किसान अपने साथ आवश्यक अभिलेख एवं मोबाइल फोन लेकर जाएं, जिससे पंजीकरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
कृषि विभाग द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि फार्मर रजिस्ट्री से वंचित किसानों को चिन्हित करते हुए उनसे संपर्क करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनकी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराने में आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य की नियमित निगरानी करते हुए शेष पात्र किसानों को चिन्हित कर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए, ताकि जनपद में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शीघ्र पूर्ण किया जा सके।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी, नायब तहसीलदार, एडीओ कृषि, लेखपाल, ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।